दबंगों ने जलाई झोपडी, 70 हजार रुपए जले, महिलाएं और बच्चों को पीटा

Sep 05 2023

ग्वालियर। खेत के बीच से रास्ते की जमीन का विवाद खूनी फंसाद में बदल गया। पड़ोसी दबंगों ने लाठी-डंडों से हमला बोल दिया, जो सामने आया उसे बेरहमी से पीटा। महिलाओं, बुजुर्ग व बच्चों पर भी रहम नहीं दिखाय। दौड़ा-दौड़ा कर पूरे परिवार को पीटा है। इतना ही नहीं उनके झोपडी में आग लगा दी। जिसमें अंदर रखा सामान और 70 हजार रुपए कैश भी जल गया।
एक दिन पहले ही भैंस बेचकर यह रुपए मिले थे। घटना तिघरा थाना क्षेत्र के कुलैथ की है। पीडि़त परिवार का आरोप है कि जब वह थाने शिकायत करने पहुंचे तो थाना प्रभारी ने अभद्रता की, पुलिस जवानों ने उनको पीटा। पीडि़त पक्ष ने एसपी ग्वालियर से भी मदद की गुहार लगाई है। एसपी ने मदद का आश्वासन दिया है।
तिघरा थाना क्षेत्र स्थित कुलैथ निवासी परसराम पुत्र छिंगाराम कुशवाह किसान है। उनके खेत के पास में ही भारत सिंह यादव का खेत है। कुछ समय से इनके बीच रास्ते की जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। जब किसान परसराम अपने परिवार के साथ खेत पर काम कर रहा था कि तभी भारत सिंह यादव अपने परिजन गब्बर सिंह, मोहन सिंह, कृपाल सिंह, रविन्द्र यादव व अन्य के साथ वहां पर पहुंचे और आते ही परसराम की लाठी-डंडों से मारपीट करने लगे। पति की मारपीट होते देखकर परसराम की पत्नी दुर्गेश आई तो हमलावरों ने उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसके बाद उनके बच्चों व बुजुर्गों में जो भी सामने आया उसको बेरहमी से पीटा। हमलावर तब तक पीटते रहे जब तक की परिजन बेसुध नहीं हो गए।
हमलावर मारपीट तक ही सीमित नहीं रहे। उन्होंने परसराम की झोपडी में आग लगा दी। कुछ ही देर में झोपड़ी जलकर राख हो गई। साथ ही झोपड़ी में रखे 70 हजार रुपए भी जल गए हैं। एक दिन पहले ही परसराम ने अपनी भैंस बेची थी। जिसके बदले उसे यह रुपए मिले थे। अभी उसने वहीं झोपड़ी में रख लिए थे।
मारपीट में परसराम, दुर्गेश, गौरव, धर्मवीर, पप्पू, मुकेश को ज्यादा चोट लगी और अन्य को सामान्य चोटें लगी हैं। घायलों को इलाज के लिए जेएएच में भर्ती कराया गया है।
पीडि़त परिवार ने बताया कि जब वह थाने में शिकायत करने के लिए गए थे तो वहां पर मौजूद दो आरक्षकों ने उनकी मारपीट कर दी, वहीं थाना प्रभारी ने उनके साथ अभद्रता की है। जिससे वह हताश हो गए हैं और पीडि़त पक्ष एसएसपी ग्वालियर से जनसुनवाई में आकर मिला है और शिकायत की है।
इस मामले में एएसपी देहात निरंजन शर्मा ने कहा कि सरकारी जमीन को लेकर विवाद हुआ है। शिकायत पर क्रॉस मामला दर्ज कर लिया है। थाना पुलिस पर अभद्रता का आरोप है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।