कटोराताल पर विवाद के बाद हत्या में 3 हत्यारों की हुई शिनाख्त जल्द होगी गिरफ्तार

Sep 03 2023

ग्वालियर। कटोराताल के सामने लगने वाली चौपाटी पर गाड़ी पार्क करने को लेकर हुए विवाद पर करीब एक दर्जन बदमाशों द्वारा गत रात युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। बीच बचाव करवाने आए मृतक युवक के भाई व उसके दोस्त पर भी हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। उधर पुलिस द्वारा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज व चश्मदीदों से पूछताछ कर तीन आरोपियों की तस्दीक होने तथा शीघ्र ही उनकी गिरफ्तारी किए जाने का दावा किया गया है। 
यहां बता दें कि अचलेश्वर मंदिर पर बीती शाम एक सीनियर एडवोकेट द्वारा आयोजित भंडारे में ढोली बुआ का पुल निवासी एडवोकेट आयुष शर्मा भी अपनी फैमिली के साथ शामिल हुए थे। इसी दौरान रात करीब 12 बजे के लगभग आयुष का छोटा भाई आभास उर्फ शिवांश अपने दोस्त विवेक दीक्षित के साथ कटोराताल पर लगने वाली चौपाटी पर चाय पीने के लिए पहुंच गया। जहां उसका बाइक खड़ी करने को लेकर उसका कुछ युवकों से विवाद हो गया। जिन्होंने कॉल करके अपने अन्य साथी बुलवा लिए, उसके बाद उन सबने लाठी-डंडे व चाकुओं से शिवांश पर हमला बोल दिया। शिवांश ने अपने भाई आयुष को कॉल कर इसकी जानकारी दी, तो उसने तुरंत अपने दोस्त वत्सल गर्ग के साथ मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव का प्रयास किया, तो बदमाशों ने उन पर भी हमला कर दिया।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ा
 इस बीच और लोग भी आ गए तो बदमाश भाग निकले। सीने एवं सिर में चाकू लगने से गम्भीर रूप से जख्मी शिवांश उर्फ आभाष शर्मा को जब अस्पताल लाया लेकर पहुंचे लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इस बीच हमलावर अपनी बाइकें उठाकर फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि इस मामले में तीन लोगों की पहचान कर ली गई है। घटना की सूचना मिलते ही एसपी राजेंश सिंह चंदेल और अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। 
मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए डेड हाउस भिजवा दिया गया था। खास बात यह है कि आयुष शर्मा और वत्सल गर्ग दोनों ही अधिवक्ता हैं लिहाजा अधिवक्ता इसे लेकर अपना आक्रोश जाहिर करेंगे ।