दीनदयाल रसोई में मिलेगी अब 5 रुपए की थाली, इंटक मैदान में नई रसोई का किया मुख्यमंत्री ने वर्चुअली शुभारंभ

Sep 02 2023

ग्वालियर। विधानसभा चुनाव के नजदीक आने की स्थिति के चलते प्रदेश सरकार ने एक बार फिर गरीबों को राहत देते हुए उनके भोजन की थाली अब 10 की बजाय 5 रुपए में देने की शुरुआत कर दी है। जिसकी घोषणा शनिवार सुबह मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नई दीनदयाल रसोई योजना के तृतीय चरण का शुभारंभ करते हुए की।
बालभवन सभागार में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में आज सुबह इंटक मैदान पर बनी नवीन दीनदयाल रसोई का वर्चुअली शुभारंभ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया। इस अवसर पर उन्होंने गरीबों के लिए प्रदेश सरकार के संकल्पित होने की बात कहीं। 
इस अवसर पर प्रदेश के उर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर वहां मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान ऊर्जा मंत्री तोमर ने प्रदेश सरकार की कई सारी योजनाओं के बारे में जनता के बीच चर्चा की।
दीनदयाल रसोई के उद्घाटन के मौके पर ऊर्जा मंत्री तोमर ने लोगों के साथ बैठकर भोजन किया। वहीं लोगों को बेहतर भोजन उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया।
कार्यक्रम के दौरानऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने आवासहीनों को पट्टे भी वितरित किए। वहीं उनको प्रदेश सरकार के प्रयासों के बारे में बताया।
3 जगह संचालित है निगम की रसोई
नगर निगम द्वारा 3 स्थानो रोडवेज बस स्टैंड, झांसी रोड बस स्टैंड एवं राजपायगा रोड पर दीनदयाल रसोई संचालित की जा रही है तथा 2 चलित दीनदयाल रसोई भी नगर निगम ग्वालियर द्वारा संचालित की जा रही है जो कि जयारोग्य अस्पताल सहित अन्य महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों पर आम नागरिकों को भोजन उपलब्ध कराती है।