देश के हवाई नक्शे पर फिर से नई पहचान बनाएगा ग्वालियर: सिंधिया

Sep 01 2023

ग्वालियर। हवाई क्षेत्र में ग्वालियर देश में फिर से एक नई पहचान बनाने जा रहा है। यह बात विमानन उद्योग में संभावना एवं निवेश प्रोत्साहन के उद्देश्य से मध्यप्रदेश में  बी 20 इंटरनेशनल एयरोस्पेस कॉन्फ्रेंस का शुभारंभ करते हुए केन्द्रीय उड्डयन एवं इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कही। दो दिवसीय कांफ्रेंस में देश के साथ ही विदेशी मेहमान शामिल हुए। इंटरनेशनल एयरोस्पेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश की औद्योगिक नीति और निवेश संवर्धन विभाग के मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव और ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर मौजूद रहे। 
केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बताया कि नए हवाई अड्डे का काम काफी तेजी से हो रहा है और रिकार्ड समय में यह तैयार हो जाएगा। अभी तक के इतिहास में पूरे देश में इतना बड़ा हवाई अड्डा इतने कम समय में तैयार नहीं हुआ है। इसके निर्माण से ग्वालियर देश के साथ ही विदेश से जुड़ जाएगा और बाहरी देशों की हवाई सेवाएं अपने शहर में आने लगेगी। हमारी सरकार ने देश में अभी तक 148 हवाई अड्डों का निर्माण किया है, इसे अगले कुछ वर्षों में 200 तक पहुंचने का हमारी सरकार का लक्ष्य है।
यह टर्मिनल रिकॉर्ड समय में बनने जा रहा है, यह देश के हवाई क्षेत्र में नई क्रांति का उदय होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा के अनुरूप हम हवाई चप्पल वालों के लिए भी हवाई सफर की सुविधा दे रहे हैं। देश के हवाई क्षेत्र में यह क्रांति मोदी सरकार ने की है। ग्वालियर में देश की आजादी से पहले भी हवाई जहाज आते थे, इसी क्रम को फिर से शुरू करने के लिए अब विदेश से हवाई सेवा अपने शहर में लाने की योजना पर काम चल रहा है।
पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप को बढ़ावा
कॉन्फ्रेंस के पहले दिन उड्डयन क्षेत्र में नवाचार, सशक्त उत्पादन एवं इस क्षेत्र में महिलाओं की प्रतिभागिता एवं एयरोस्पेस में आधुनिक तकनीकों की आवयश्यकता पर परिचर्चा हो रही है, साथ ही पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप को बढ़ावा देने हेतु विभिन्न सत्र आयोजित किए गए। 
उद्योगपतियों के सवालों का जबाव देते हुए केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि केन्द्र और राज्य की सरकारें अपने कार्यक्षेत्र में बदलाव लाने के लिए सक्रिय हैं और भारतीय अर्थव्यवस्था में सकारात्मकता और विकास की भावना पैदा करेगी। अगर आप किसी केस को अच्छे से प्रस्तुत करते हैं दृड़ता से प्रस्तुत करते हैं तो मै आपकी तरफ खड़ा रहूंगा। हम निश्चित रूप से अपने सहयोगी विभागों को यह सुनिश्चित करने के लिए मनाएंगे कि हम जिस नीति पर्रिवतर्न की बात कर रहे हैं उसे पा सके।