कन्हैया गायन प्रतियोगिता का आयोजन चपटिया महाराज के आश्रम में कल

Sep 01 2023

ग्वालियर। संस्कृति संरक्षण अभियान में लोक कला का रंग भरने के लिए आगामी 3 सितंबर रविवार को शीतला माता टीम चपटिया महाराज के आश्रम में विशाल कन्हैया गायन प्रतियोगिता का आयोजन करने जा रही है। इस कार्यक्रम में ग्वालियर ग्रामीण के लोक गायक बड़ी संख्या में हिस्सा लेंगे। शीतला माता टीम के संयोजक सत्येन्द्र सिंह घुरैया ने इस आशय की जानकारी देते हुए बताया कि हजारों की संख्या में आश्रम में एकत्रित होने वाले ग्रामीणों के बीच सबसे पहले भुजरियों के माध्यम से मेल-मिलाप होगा। इसके बाद संत-महंतों तथा बुजुर्गों को शॉल श्रीफल भेंट कर उनका सम्मान किया जाएगा। इसके बाद कन्हैया गायन का दौर चलेगा जिसमें विभिन्न गांवों से आई कन्हैया गायकों की टोलियां भाग लेंगी। फ़ौजी सतेन्द्र सिंह घुरैया ने बताया कि पंच परमेश्वर श्रेष्ठ कन्हैया गायक टोलियों का चयन करेंगे जिन्हें नगद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कन्हैया गायन प्रतियोगिता का मकसद विलुप्त होती जा रही इस विधा को फिर से सहेजना और पुरस्कार देकर लोक गायकों का उत्साह वर्धन करना है। शीतला माता टीम के संयोजक फौजी सतेन्द्र सिंह घुरैया के मुताबिक उनका पूरा फोकस युवा तरुणाई में विश्वास भरकर उन्हें रचनात्मकता से जोडऩे पर है। सौभाग्य यह है कि इस कार्य में संत-महंतों और बुजुर्गो का भरपूर आशीर्वाद उन्हें मिल रहा है। 
वहीं इस विशाल आयोजन की जानकारी देते हुए उप संयोजक इंजीनियर सुरेन्द्र सिंह (सोनू) घुरैया ने बताया कि विक्की फैक्टरी के निकट स्थित चपटिया वाले महाराज के आश्रम परिसर में ही विशाल सहभोज की व्यवस्था की गई है। प्रबंधक सूरजभान सिंह (गुनियां चाचा) और सचिव रामनिवास महाना की मानें तो कन्हैया गायन स्पर्धा को लेकर ग्वालियर ग्रामीण में भारी उत्साह है। स्पर्धा का हिस्सा बनने के लिए कन्हैया गायकों की दो दर्जन से अधिक टोलियां रजिस्ट्रेशन करा चुकी हैं।
सत्कर्म में साथ,मदद को बढ़ा हाथ 
दिल्ली के प्रमुख समाजसेवी कुंवर संतोष सिंह ने ग्रामीण युवाओं में रचनात्मकता का जोश भरकर सकारात्मक दिशा देने के लिए शीतला माता टीम और इसके संयोजक सत्येन्द्र सिंह घुरैया की भूरि भूरि प्रशंसा की है। उल्लेखनीय है कि कोविड आपदा के समय सतेन्द्र की टीम ने हजार से अधिक गांवों में किसी भी घर का चूल्हा बुझने नहीं दिया। जहां प्रधानमंत्री आपदा कोष में पांच लाख रुपए दान किया वहीं हजारों जरुरतमंद बच्चों में गरम वस्त्र बांटे। कुंवर संतोष सिंह ने शीतला माता टीम को भरोसा दिया है कि वह इसके पुनीत कार्यों सदैव मददगार रहेंगे।