चिलचिलाती धूप गर्मी और उमस से लोग परेशान

Aug 31 2023

ग्वालियर। धूप एक बार फिर से अपने तेवर दिखाने लगी है। तीन दिन में पारा लगभग पांच डिग्री सेल्सियस बढ़ चुका है। हालांकि आधीरात के बाद मौसम में ठंडक घुल जाती है, इस कारण रात में पंखे की हवा भी ठण्डी लगने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में कोई भी सिस्टम सक्रिय नहीं होने से अगले कुछ दिन तक बारिश के कोई आसार नहीं है। वहीं बंगाल की खाड़ी में बन रहे नए सिस्टम का एक सप्ताह बाद ही ग्वालियर-चंबल संभाग में असर देखने को मिल सकता है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसून की टर्फ लाइन हिमालय में स्थिर हो गई है। इस कारण यहां फिलहाल बारिश की उम्मीद नहीं है। स्थानीय कारणों से बूंदाबांदी या रिमझिम हो सकती है। बंगाल की खाड़ी में दो सितंबर के बाद कम दबाव का क्षेत्र बनने पर फिर ग्वालियर में बारिश की उम्मीद की जा सकती है। गत दिवस अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था। पारे में लगातार हो रही बढ़ोतरी के कारण उमस ने फिर से परेशान करना शुरू कर दिया है। 
लेकिन राहत की बात यह है कि रातें ठण्डी हो रही है इस कारण पांच दिन पहले तक भारी उमस के कारण रातों का चैन भी छिन गया था उससे अब मुक्ति मिल गई है। रात्रि में पंखे की हवा भी ठण्डी लगने लगी है। हालांकि न्यूनतम तापमान में भी मामूली वृद्धि हुई है। वही गुरुवार को न्यूनतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं मौसम में आर्द्रता का प्रतिशत घटकर 69 प्रतिशत हो गया है।