छात्रों की छात्रवृत्ति को लेकर एआईडीएसओ ने जनसुनवाई में जिला न्यायाधीश को ज्ञापन दिया

Aug 29 2023

ग्वालियर। लंबे समय से आ रही 10वीं 11वीं 12वीं के छात्रों की छात्रवृत्ति की समस्या को लेकर एआईडीएसओ के नेतृत्व में छात्रों ने जनसुनवाई में जाकर जिला न्यायाधीश को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में छात्रवृत्ति की समस्याओं से परेशान होकर कई छात्रों ने छात्रवृत्ति की मांग को लेकर जिला कलेक्ट्रेट में विधिवत ज्ञापन दिया व मांग रखी, शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक नंबर-2 व उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक नंबर-1 के छात्र व अन्य छात्रों की अभी तक छात्रवृत्ति नहीं आई है। बाकी जिन भी छात्रों की छात्रवृत्ति आई है उनकी भी छात्रवृत्ति में कटौती हुई है हमारी छात्रवृत्ति जल्दी डाली जाए।
छात्र संगठन एआईडीएसओ के जिला उपाध्यक्ष दीपक ने कहा कि छात्रों के हित में छात्रवृत्ति को जल्द से जल्द दी जानी चाहिए, पर इतने समय तक भी छात्रवृत्ति नहीं आ पाई। कई छात्रों के परिवारों की आर्थिक स्थिति बहुत खराब है कई सारे छात्र अपनी छात्रवृत्ति पर ही निर्भर होकर पढ़ाई कर पा रहे हैं। पिछले सत्र के 10वीं 11वीं 12वीं के छात्रों को छात्रवृत्ति नहीं मिली है, कुछ छात्रों की छात्रवृत्ति में कटौती भी हुई है। छात्र आगे की कक्षाओं में प्रवेश लेने, कमरे का किराया और तमाम शिक्षा से जुड़े खर्चों तक वहन नहीं कर पाता है। इसलिए हम आपसे अपील करते हैं कि छात्रों को छात्रवृत्ति उनके खातों में जल्द से जल्द पहुंचाई जाए! 
इस अवसर पर आकाश, विशाल, संदीप, अजय सहित अन्य छात्र भी मौजूद रहे।