दो सगे भाईयों को स्मैक की तस्करी करते पकड़ा,50 ग्राम स्मैक बरामद

Aug 28 2023

ग्वालियर। ग्वालियर पुलिस ने स्मैक की तस्करी करने वाले दो सगे भाईयों को पकड़ा है। इनके पास से 50 ग्राम स्मैक बरामद हुई है। दोनों भाई लंबे समय से स्मैक की तस्करी कर रहे थे। इनसे जो स्मैक बरामद हुई है, वह यह लोग उप्र से मंगवाते हैं। पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है। जिससे नेटवर्क का खुलासा हो सके।
एसपी राजेश सिंह चंदेल ने कहा कि बीती रात क्राइम ब्रांच सहित सभी थानों की फोर्स को लंबे समय से फरार आरोपी व नशे की खरीद-फरोख्त में शामिल लोगों की धरपकड़ के लिए लगाया था। क्राइम ब्रांच की टीम को सूचना मिली थी कि मुरार इलाके में रहने वाले दो भाई नशे की तस्करी में शामिल हैं। यह लोग स्मैक की खेप की डील करने वाले हैं। जैसे ही सूचना मिली तो टीम घेराबंदी में लग गई। मुरार स्थित रामलीला मैदान में क्राइम ब्रांच की टीम ने दोनों भाईयों को पकड़ लिया। 
इन लोगों की जब तलाशी ली तो इनके पास से 50 ग्राम स्मैक बरामद हुई। जब इनसे पूछताछ की तो यह लोग बोले बाहर से स्मैक मंगवाकर यहां सप्लाय करते हैं। शहर के लोकल एजेंट इनके संपर्क में है। बाहर से स्मैक मंगवाकर यहां कमीशन पर बेचते हैं। पकड़े गए तस्करों के नाम सोनू रजक पुत्र सुरेश रजक और मंदीप उर्फ मोनू रजक पुत्र सुरेश रजक हैं। दोनों से पुलिस पूछताछ कर रही है। इनके मोबाइल पुलिस ने जब्त कर लिए हैं। मोबाइल में कुछ नंबर मिले हैं। वाट्स एप पर पुलिस को कुछ चेटिंग मिली है, जिसमें स्मैक की खरीद-फरोख्त को लेकर बातचीत है।