शराबबंदी की मांग को लेकर राज्य स्तरीय सम्मेलन सम्पन्न

Aug 28 2023

ग्वालियर। राष्ट्रीय शराबबंदी संयुक्त मोर्चा के तत्वावधान में मानस भवन, फूलबाग में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें ग्वालियर सहित प्रदेश के सभी जिलों एवं अन्य प्रदेशो से कार्यकर्ता ने भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय शराबबंदी संयुक्त मोर्चा के राष्ट्रीय संरक्षक आचार्य संतोषानंद महाराज उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुल्तान सिंह की। विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश संयोजक हरिओम गौतम, गायत्री परिवार के प्रमुख अनंग पाल सिंह भदौरिया, समाजसेवी महेश मुदगल एवं फेसल खान उपस्थित थे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा गणेश पूजन एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद उपस्थित सभी अतिथियों का शॉल श्रीफल भेंटकर उनका स्वागत किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए प्रदेश संयोजक हरिओम गौतम ने कहा कि नशा समाज के लिए अभिशाप है अधिकांश युवा आज नशे के दलदल में फसते जा रहे हैं, युवाओं को नशे में जाने से रोकना हम सभी की जिम्मेदारी है, उन्होंने कहा कि शराबबंदी पूरे देश में एक साथ लागू की जाना चाहिए। शराब से सैकड़ो परिवार बर्बाद हो रहे हैं।
जगद्गुरु आनंदेश्वर महाराज ने कहा कि भारत एक धर्म परायण देश है इसमें संत, संन्यासी समाज की महत्वपूर्ण भूमिका होना चाहिए, पूरे देश में शराबबंदी लागू करने की मांग का संत समाज पूरा समर्थन करता है। 
वरिष्ठ  समाजसेवी महेश मुदगल ने कहा कि भारत भूमि जिसमें गौतमबुद्ध, भगवान श्री राम, श्रीकृष्ण व भारी संख्या में साधु, संत समाज, धार्मिक भावनाओं से ओतप्रोत पूरा देश, हिन्दू राष्ट्र, जहां शराब व व्यसन  का सेवन एक चिन्ता का विषय, शोध का विषय है, राम चरित मानस व कुरान धार्मिक ग्रंथों में शराब पीना प्रतिबंधित ही नहीं, दंडनीय है निन्दनीय है वर्तमान समाज सुधारक, सरकार, राजनैतिक, साधु संत समाज को चिन्तन कर इस आन्दोलन के लिए जुट जाना चाहिए।
सुल्तान सिंह ने कहा कि सरकार दो मुंह वाली नीति पर काम कर रही है। पूरे देश में शराब बंदी लागू करने की मांग को लेकर प्रत्येक प्रदेश में सम्मेलन कर जन जागरण कर 2 अक्टूबर को ज्ञापन व 30 जनवरी 2024 को दिल्ली में जंतर मंतर पर धरना में ग्वालियर अंचल से सैकड़ों की तादाद में महिला, युवा शामिल होने का आव्हान किया।
कार्यक्रम में अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम के शुभारंभ में मोर्चे के निहाल सिंह चौहान ने स्वागत भाषण व कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन शिवम यादव व आभार रामदास माहौर ने किया।
राष्ट्रीय शराबबंदी बंदी संयुक्त मोर्चा विगत 4 वर्ष से देश के विभिन्न क्षेत्रों में शराबबंदी की मांग के लिए काम करने वाली संस्था, संगठनों का राष्ट्रीय संघ है लगातार पूरे देश में शराबबंदी के लिए कानून बनाने व शराबबंदी लागू करने के लिए सरकार से मांग कर रही है। संगठन शराब का सेवन नहीं करने के लिए भी जागरूकता अभियान चला रहा है। 
सम्मेलन में अंशुल चौहान, गिरार्ज सिंह धाकरे, श्याम सिंह तोमर, रज्जन राजावत, अजय सिंह, दिनेश भदौरिया, सुरेन्द्र सिंह, रजमोहन सिंह, रेखा माहौर, हरिकठ बघेल, उल्फत सिंह, लालता प्रसाद दोहरे, आदित्य श्रीवास्तव सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक, प्रबुद्ध नागरिकों, विचारकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कर सम्मेलन को सफल बनाया।