दो घरों के ताले चटकाकर 10 लाख रुपए के गहने-नकदी समेट ले गए चोर गिरोह

Aug 26 2023

ग्वालियर। राधापुरम नगर में बीते 24 घंटे में एक शासकीय ठेकेदार सहित दो घरों के ताले चटकाकर चोर गिरोह करीब 9 से 10 लाख रुपए के गहने-नकदी समेट ले गए हैं। वारदात गत रात आदित्यपुरम के राधापुरम इलाके की है। घटना के समय परिवार शहर से बाहर अपने गांव में अखंड रामायण पाठ में शामिल होने गया था। शनिवार सुबह जब वापस लौटे तो चोरी का पता लगा। अंदर घर में सामान बिखरा पड़ा था। चोरी होने का पता चलते ही पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल के बाद चोरी का मामला दर्ज कर लिया है।
शहर के महाराजपुरा थाना क्षेत्र के आदित्यपुरम स्थित राधापुरम निवासी अवधेश सिंह तोमर पुत्र जयवीर सिंह तोमर पेशे से ठेकेदार हैं। वह शासकीय ठेके लेते हैं। वह अपने गांव अंबाह गए थे। अंबाह में अवधेश की मौसी के घर पर अखंड रामायण का पाठ और दष्ठौन का कार्यक्रम था। सुरक्षा की दृष्टि से ताले डाल गए थे। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद शनिवार को वह वापस आए तो घर के ताले टूटे हुए थे और सारा सामान बिखरा पड़ा था। मामले का पता चलते ही पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है। चोरी गए माल में पचास हजार रुपए के साथ ही करीब छह तोला सोना और 250 ग्राम चांदी है। साथ ही अन्य कीमती सामान भी चोरी गया है।
ठेकेदार के बाद रिटायर्ड कर्मचारी के घर को किया टारगेट
महाराजपुरा थाना क्षेत्र के राधापुरम निवासी 61 वर्षीय शिवराम सिंह भदौरिया पुत्र जयकरण भदौरिया रिटायर्ड मालनपुर स्थित एक निजी कंपनी से रिटायर्ड कर्मचारी है। पंद्रह अगस्त को उनके पिता का निधन यूपी के जालौन रामपुरा में हो गया था। सूचना मिलते ही वह अपने परिवार के साथ गमी में शामिल होने के लिए गए थे और घर पर ताले डाल गए थे। सूना घर देखकर चोरों ने धावा बोला और अलमारी में रखी करीब आठ तोला वजनी सोने के जेवर के साथ ही पांच हजार रुपए नकद व चांदी के जेवर पार कर ले गए। वारदात का पता शनिवार को तब चला जब पास ही रहने वाली उनकी बेटी मनीषा तोमर ने कॉल कर बताया कि उनके घर के ताले टूटे हुए है और सामान बिखरा पड़ा है मामले का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है।
ग्वालियर में ताबड़तोड दो चोरियों के बाद पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है, जिससे कुछ स्थिति स्पष्ट हो सके।