जवान को पीटकर ठोके फायर, फायरिंग से इलाके में दहशत

Aug 25 2023

ग्वालियर। घर के बाहर सडक़ में हुए गड्ढे भरने लगाई सीमेंट से निकल रहे दो युवकों को रोका तो वह आपे से बाहर हो गए और कुछ ही देर बाद आकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इसके बाद जवान की मारपीट कर दी और उसे बचाने के लिए उसकी पत्नी आई तो उनकी भी मारपीट कर दी। घटना महाराजपुरा थाना क्षेत्र के शताब्दीपुरम की है। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है। 
महाराजपुरा थाना क्षेत्र के शताब्दीपुरम निवासी रामकरन सिंह तोमर पुत्र जगराम सिंह तोमर सीआरपीएफ में जवान है और अभी राजौरी में पदस्थ है। यहां पर उनकी पत्नी तथा अन्य परिजन रहते है। कुछ दिन पहले ही वह छुट्टी लेकर आए है और घर के बाहर सडक़ में गड्ढे हो गए थे तो उन्होंने सडक़ को ठीक करने के लिए सडक़ पर सीमेंट लगाई थी। सीमेंट खराब ना हो इसके लिए वह भी दरवाजे पर ही बैठ गए थे और लोगों से सीमेंट से दूर निकलने के लिए निवेदन कर रहे थे। तभी पास ही रहने वाला धनुआ डंगस वहां से निकला और सीमेट पर पैर रख दिए। जब उन्होंने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह विवाद करने लगा। जब उसने गाली देने से रोका तो धनुआ ने अपने एक साथी को बुला लिया। 
साथी के आते ही धनुआ ने उससे पिस्टल लेकर तीन फायर किए और उसे जमीन पर पटककर अपने साथियों के साथ मारपीट करने लगा। जब उसे बचाने के लिए उसकी पत्नी पिंकी आई तो आरोपियों ने उसकी भी मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। 
वारदात का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन इससे पहले ही आरोपी फरार हो गए। घटना का शिकार घायल दंपति को उपचार के लिए पहुंचाकर पुलिस ने आरोपियों के  खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। 
आरोपियों द्वारा की गई फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई और आस-पास के लोग दहशत में है कि आरोपी दोबारा फिर से आकर फायरिंग ना कर दे।