26 सूत्रीय मांगों को लेकर एक दिन के अवकाश पर रहे अधिकारी- कर्मचारी

Aug 25 2023

ग्वालियर। शासकीय विभागों के अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के बैनर तले एक दिन के सामूहिक अवकाश पर रहे, इस कारण से अॅाफिसों में शुक्रवार को कई काम न हो सके। आज शनिवार एवं कल रविवार का अवकाश है। इसलिए अब जनसामान्य के काम सोमवार को ही हो सकेंगे। 
26 सूत्रीय मांगों के समर्थन में किए जा रहे चरणबद्ध आंदोलन के द्वितीय चरण में 25 अगस्त को ज्यादातर संगठनों के कर्मचारी अधिकारी एक दिन का सामूहिक अवकाश पर रहे। संगठन के पदाधिकारियों ने सामूहिक अवकाश के लिए सभी कार्यालयों मे संपर्क कर कर्मचारियों अधिकारियों से अवकाश के आवेदन भरवाए थे। 
मप्र अधिकारी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के जिलाध्यक्ष रणवीर सिंह सिकरवार, जिला संयोजक रवीन्द्र त्रिपाठी, बलवीर परमार, सुनील पटेरिया ने प्रदेश सरकार पर कर्मचारी एवं पेंशनरों की लंबित मांगों के प्रति उदासीनता का आरोप लगाते हुए कहा है कि 26 सूत्रीय मांगों के समर्थन में संयुक्त मोर्चे के आव्हान पर आज शुक्रवार 25 अगस्त को कर्मचारी व अधिकारी सामूहिक अवकाश पर रहे। 
उन्होंने संयुक्त बयान जारी कर जिले भर के कर्मचारियों से 56 मान्यता एवं गैर मान्यता प्राप्त संगठन के द्वितीय चरण के घोषित प्रदेश स्तरीय आंदोलन में शामिल होकर सफल बनाने की अपील करते हुए कर्मचारी विरोधी संगठनों द्वारा फैलाई जा रही अफवाहों से बच कर कदम से कदम मिलाकर साथ चलने का आव्हान किया है, ताकि शासन से 39 सूत्रीय मांगों का शीघ्र निराकरण कराया जा सके। 
वहीं मप्र राज्य कर्मचारी संघ ग्वालियर के जिला अध्यक्ष बलबीर सिंह परमार ने बताया कि मप्र अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा द्वारा घोषित आंदोलन में पूर्ण रूपेण शामिल है। कुछ विघ्न संतोषी कर्मचारी विरोधी स्वयं भू संगठन भ्रम पैदा कर कर्मचारियों को गुमराह कर रहे हैं।