पुलिस की महिला सेल ने छात्र-छात्राओं के लिए लगाई जागरूकता चौपाल

Aug 25 2023

ग्वालियर। एसपी राजेश सिंह चंदेल के निर्देश पर ग्वालियर जिले में चलाए जा रहे महिला जागरूकता अभियान के तहत डीएसपी महिला सुरक्षा ग्वालियर श्रीमती किरण अहिरवार के द्वारा अपनी पुलिस टीम के साथ फूलबाग स्थित इलेटियन गार्डन में जागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित छात्र एवं छात्राओं तथा आमजन को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया और बेटी की पेटी तथा अभिमन्यु अभियान की भी जानकारी दी गई। इस अवसर पर उप निरीक्षक शैलजा, महिला सेल का स्टाफ तथा महिला थाने का पुलिस बल एवं लगभग 100 छात्र-छात्राएं तथा आमजन उपस्थित रहे।
महिला सुरक्षा शाखा प्रभारी डीएसपी श्रीमती किरण अहिरवार के नेतृत्व में महिला सुरक्षा शाखा की टीम द्वारा फूलबाग स्थित इलेटियन गार्डन में जागरूकता चौपाल लगाकर उपस्थित छात्र-छात्राओं तथा आमजन को जागरूक किया गया। उनके द्वारा महिला हिंसा उन्मूलन जागरूकता अभियान के संबंध में जानकारी देकर उपस्थित छात्राओं को जागरूक किया गया तथा उन्हे मध्यप्रदेश पुलिस की डायल 100/112 सेवा तथा 1090 महिला हेल्पलाइन से भी अवगत कराया गया और उपस्थित छात्राओं को बताया गया कि किसी भी आपात स्थित में तत्काल पुलिस को सूचित करें। 
कार्यक्रम में डीएसपी किरण अहिरवार ने कहा कि छात्राओं पर टिप्पणी करना, छात्राओं पर बातचीत करने के लिए दबाब डालना, छेड़ाछाड़ जैसी किसी भी घटना के होने पर तत्काल पुलिस, परिजनों व शिक्षकों को सूचित करना चाहिए। उन्होने उपस्थित छात्राओं को उनसे जुड़े कानूनों के संबंध में भी जानकारी देकर जागरूक किया जाकर उन्हे महिला जागरूकता संबंधी पम्पलेट का वितरण भी किया गया। इस अवसर पर उपस्थित छात्रों तथा आमजन को बालिकाओं एवं महिलाओं के विरुद्ध घटित अपराधों की रोकथाम तथा महिला सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए विशेषकर पुरुषों को जागरूक करने के लिए चलाए जा रहे विशेष जागरूकता अभियान मैं हूं अभिमन्यु के संबंध में जानकारी देकर जागरूक किया गया और उन्हें शपथ दिलाई गई कि हम शपथ लेते हैं कि हम अपने आसपास ऐसा वातावरण बनाएंगे जिसमें नारी अपने आप को सुरक्षित महसूस करें तथा उन्हे समान अवसर प्राप्त हों। इस अवसर पर डीएसपी महिला सुरक्षा ग्वालियर द्वारा उपस्थित सभी लोगों को बेटी की पेटी के संबंध में भी जानकारी दी गई। ग्वालियर पुलिस की महिला सेल द्वारा शहर के विभिन्न स्थानों तथा स्कूल/कॉलेज में लगातार जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।