अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत

Aug 24 2023

ग्वालियर। कंपू थाना क्षेत्र स्थित शीतला माता चौराहे के पास बाईक पर सवार होकर जा रहे एक युवक को पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाईक सवार युवक जमीन पर आ गिरा और उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक गुरुवार को बेलदारों का पुरा निवासी आदर्श पुत्र दीलीप नागर जब बाईक पर सवार होकर आईटीएम कॉलेज जा रहा था। उसी दौरान शीतला माता तिराहे पर अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाईक सवार आदर्श जमीन पर आ गिरा और उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। राहगिरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जब युवक की पहचान करी तो घाटीगांव में पदस्थ आरआई दिलीप नागर के बेटे आदर्श नागर के रूप में हुई। उसके परिजनों को सूचना देकर मृतक युवक के शव को पीएम के लिये भेज दिया।
वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
कंपू थाने के एसआई गजेंद्र सिंह राजावत ने बताया कि फोन पर सूचना आई थी कि एक बाइक सवार छात्र को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी है। टक्कर लगने से युवक की मौत हो गई है, सूचना पर मौके पर पहुंचे थे जहां जांच पड़ताल के बाद मृतक युवक के शव को पीएम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।