जमीन का नामांतरण करने के एवज में पटवारी को रिश्वत लेते, लोकायुक्त ने पकड़ा

Aug 24 2023

ग्वालियर। कृषि भूमि का फोती नामांतरण करने के एवज में पटवारी को रिश्वत लेते ग्वालियर लोकायुक्त पुलिस ने शिवपुरी में अपने किराये के आवास पर ही 3 हजार की रिश्वत लेते पकड़ा है। 
लोकायुक्त एसपी रामेश्वर यादव ने बताया कि परमाल सिंह यादव निवासी ग्राम बिजरोनी तहसील बदरवास जिला शिवपुरी ने अपने स्वर्गवासी भाई के नाम की कृषिभूमि का फोती नामांतरण करने के लिये पटवारी अवधेश कुमार शर्मा हल्का नंबर 123 बिजरोनी तहसील बदरवास जिला शिवपुरी से संपर्क किया था। नामांतरण करने के एवज में पटवारी अवधेश शर्मा ने परमाल सिंह से तीन हजार की रिश्वत मांगी थी। 
गुरूवार को जैसे ही परमाल सिंह ने पटवारी अवधेश को उसके ही किराये के निवास घुरवार रोड वार्ड न. 6 बदरवास जिला शिवपुरी पर जब रिश्वत की राशि दी तो लोकायुक्त पुलिस ने उसे पकड़ लिया।  आरोपी पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।