जीजा ने साली के प्रेमी की चाकू से गोदकर की हत्या, आरोपी फरार

Aug 22 2023

ग्वालियर। हिस्ट्रीशीटर बदमाश द्वारा साली से मिलने आए प्रेमी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। घटना कंपू थाना क्षेत्रांतर्गत आमखो पहाडिय़ा की है। घटना के बाद घर में काफी देर तक शव पड़ा रहा। हत्या की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने मामले की पड़ताल करने के साथ ही आरोपी की तलाश में जुट गई है।

नरवर निवासी राजेंद्र कुशवाह (32 वर्ष) का आमखो पहाडिय़ा पर रहने वाली युवती से प्रेम प्रसंग था। जो अक्सर उसके पास मिलने के लिए आता-जाता रहता था। जबकि युवती का जीजा देवेंद्र राणा जो क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर बदमाश है, उसे दोनों के संबंध पर आपत्ति थी। 
बताया गया है कि मंगलवार सुबह राजेंद्र अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए उसके घर पर आया हुआ था। इसका पता लगने पर देवेंद्र वहां पहुंच गया, जहां देवेंद्र और राजेंद्र के बीच कहा-सुनी हो गई। इसी बीच देवेंद्र ने राजेंद्र पर चाकू से प्रहार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी मौके से भाग निकला। 
हत्या होने के बाद सभी घर वाले शव को वहीं पड़ा छोडक़र मौके से गायब हो गए। बताया गया है कि घटना के काफी देर तक पुलिस को इसकी सूचना ही नहीं मिल सकी, जिससे बॉडी वहीं पड़ी रही। बाद में सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। 
उधर आरोपी की पत्नी प्रीति को पुलिस राउंडअप कर थाने ले गई है, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। वहीं आरोपी की तलाश में भी पुलिस टीम को रवाना कर दिया गया है।
कंपू थाने में पदस्थ एसआई सुरेश सिंह कुशवाह बताया कि शव को पीएम के लिए पहुंचाकर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।