रक्षाबंधन पर्व के लिए सजे बाजार, बढऩे लगी रौनक

Aug 21 2023

ग्वालियर। रक्षा बंधन का त्योहार नजदीक आ रहा है, हर दिन के साथ बाजारों में रौनक बढऩे लगी है। संतनगर में रंग-बिरंगी और आकर्षक राखियों से बाजार सजने लगे हैं। शहर के हृदय स्थल महाराज बाडा, सराफा, दौलतगंज, टोपी बाजार, नई सडक़ सहित अन्य बाजारों में दिल्ली, कोलकाता व अन्य कई जगहों में बनी राखियों आई हैं। राखियां की कीमत 15-20 रुपए से लेकर 200 से शुरू होकर तीन हजार तक की है। उपनगर में ग्रिफ्ट दुकानों के साथ कई जगहों पर राखियों के स्टॉल लग गए हैं।  जहां, आकर्षक डिजाइनों में तरह तरह की राखियां बहनों को आकर्षित कर रही हैं, हालांकि महंगाई का असर रक्षाबंधन त्योहार पर भी साफ दिखाई दे रहा है।
राखियों के दाम में पिछले साल की तुलना में इस बार 20 प्रतिशत तक तेजी आई है। व्यापारियों का कहना है राखी बाजार शुरू हो गया है, अभी बहनें बाहर भेजने वाली राखियों खरीद रही है। 22 अगस्त के बाद बाजार में काफी तेजी रहेगी। अंतिम तीन दिनों में सबसे ज्यादा खरीदी होने की संभावना है। पवित्र धागों के साथ बाजार में सोने-चांदी की राखियों भी हैं। सोने की राखी एक ग्राम से से दस ग्राम तक की है, जिसकी कीमत सात हजार से 60 हजार तक है। वहीं चांदी की राखी पांच ग्राम से शुरू हुई हैं, जिसकी 350 रूपये से शुरू है।
व्यापारियों का कहना है साल दर साल सोने-चांदी की राखियों की मांग बढ़ी है। चांदी की राखी बांधना शुभ माना जाता है। सोने-चांदी की राखियों का उपयोग गले में पेंडेंट के रूप में किया जा सकता है। बाजार में स्टोन, जरकन और मेटल की राखी, कलावा के साथ रुद्राक्ष की फैंसी राखियों आई हैं। भगवानों में गणेश और लक्ष्मी जी की राखी की डिमांड ज्यादा है। 
रक्षा बंधन के लिए मिठाई बाजार ने भी खास तैयारियां शुरू कर दी हैं। शुद्ध घी से बनने वाली यह मिठाई राजस्थान एवं मथुरा में प्रसिद्ध हैं, इस मिठाई की शुरूअता जयपुर से हुई थी। घेवर बनाने के लिए खास कारीगर संतनगर बुलाए गए हैं। इसकी कीमत 600 रूपये किलो है। कारोबारियों को उम्मीद है कि मावे की मिठाई पर यह स्वीट भारी पड़ेगा।