युवक ने पत्नी साले तथा साली की गोली मार कर हत्याकर मां की बेइज्जती का बदला लिया

Aug 20 2023

मुरैना। एक सिरफिरे युवक ने क्रोध में आकर अपनी पत्नी, अपने साले और साली की गोली मारकर हत्या कर दी। उसका साला और साली दोनों उसकी पत्नी और उसकी मां के बीच होने वाली लड़ाई को सुलझाने आए थे। जिस समय तीनों वापस बागचीनी बस स्टैंड पर खड़े होकर बस का इंतजार कर रहे थे, इस समय युवक गुस्से में पहुंचा और उसने अपने कट्टे से ताबडतोड़ पांच फायर किए तथा तीनों की गोली मारकर जघन्य हत्या कर दी। घटना रविवार सुबह 11 बजे के लगभग की है।
आपको बता दें कि आरोपी त्रिलोकी परमार की शादी भिंड की अटेर निवासी राखी से, कुछ साल पहले हुई थी। राखी की अपनी सास से आए दिन किसी न किसी बात पर झगड़ा होता रहता था। राखी ने अपने भाई युवराज तथा बड़ी बहन जूली को फोन करके अपनी सास द्वारा आए दिन झगड़ा करने तथा मारपीट करने की बात कही। इस पर उसका भाई युवराज तथा बड़ी बहन जूली उसे लेने बागचीनी पहुंचे। वहां उन्होंने राखी की सास से बात की तथा बात करते-करते नौबत झगड़े पर उतर आई। उस वक्त त्रिलोकी परमार घर पर नहीं था। वह कहीं बाजार में बैठा हुआ था।दोनों बहन व भाई के घर से निकलने के बाद मां ने त्रिलोकी को फोन किया कि उसके साले और साली ने उसकी बहुत बेइज्जती की है। यह बात त्रिलोकी को नागवार गुजरी और वह गुस्से से आग बबूला हो उठा। वह गुस्से में घर आया लेकिन घर पर तीनों लोग उसे नहीं मिले। घर पर न मिलने पर वह तुरंत बस स्टैंड पहुंचा। बस स्टैंड पर तीनों बस का इंतजार कर रहे थे। उसने वहां जाते ही ताबड़तोड़ तीनों पर फायरिंग शुरू कर दी। कट्टे से गोली मारकर उसने तीनों की हत्या कर दी।गोली की आवाज सुनते ही बागचीनी बस स्टैंड पर हड़कंप मच गया। हत्या करने के बाद आरोपी वहां से तुरंत भाग गया।जब आरोपी वहां से भाग गया तो जूली की सांसे चल रही थी। थाने का एक सिपाही व एक अन्य व्यक्ति जूली को एंबुलेंस में रखकर मुरैना जिला अस्पताल आया, लेकिन रास्ते में ही जूली ने दम तोड़ दिया। उसके बाद तीनों लाशों को पीएम आवास भिजवा दिया गया है।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह चौहान बागचीनी पहुंचे। वहां जाकर उन्होंने पूरी स्थिति को नियंत्रण में किया। उन्हें इस बात का डर सता रहा था कि कहीं कोई उपद्रव हो जाए।