बॉर्डर से बड़ी है आंतरिक सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाना- कर्नल झा

Aug 17 2023

ग्वालियर। कारगिल शहीद सरमन सिंह खेल एवं शिक्षा प्रसार संस्था एवं वंदे मातरम सेना के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित 15 अगस्त पर ध्वजारोहण कार्यक्रम कारगिल युद्ध शौर्य स्मारक शहीद सरमन सिंह पार्क जेल रोड में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कर्नल अरविंद झा ने राष्ट्र वीरों के त्याग, बलिदान का प्रतीक राष्ट्रध्वज तिरंगा बड़ी गर्मजोशी से फहराया। इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे थाना प्रभारी बहोड़ापुर जितेंद्र सिंह तोमर व समाजसेवी विहवल सेंगर मुख्य रूप से उपस्थित थे।
कर्नल झा ने स्मारक का अवलोकन कर कहा यह स्मारक भावी नौजवानों की धमनियों में संचार हो रहे रक्त को कभी ठंडा नहीं होने देगा। उन्होंने थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह तोमर की ओर मुखातिब होकर कहा कि जिस प्रकार एक डॉक्टर शरीर के बाहरी अंग का इलाज बड़ी आसानी से समझ कर कर देता है। वही शरीर के अंदर के रोगों का इलाज करने में असहज महसूस करता है बीपी कैंसर टीवी आदि भयंकर रोगों से ग्रसित शरीर को कई प्रकार की जांचों से गुजरना पड़ता है। इसी प्रकार आंतरिक सुरक्षा में लगे हमारे जवानों को काफी मशक्कत करनी पड़ती है। कहने का आशय है कि बॉर्डर से बड़ी सुरक्षा की जिम्मेदारी हमारे आंतरिक सुरक्षा से जुड़ी हुई एजेंसियों की है। उन्होंने आगे कहा कि हमारी सेना बॉर्डर पर माकूल जिम्मेदारी निभा रही है। इस अवसर पर ध्वजारोहण समारोह में वंदे मातरम सेना प्रमुख अंशुमान सिंह, मनोज त्रिपाठी, मनोज हिंदू माहौर, शिवम सिंह गौर, पूरन सिंह गुर्जर के साथ ही बहोड़ापुर थाना स्टाफ सहित स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।