ऊर्जा मंत्री ने ध्वजारोहणकर ली परेड की सलामी
Aug 16 2023
ग्वालियर। ग्वालियर जिले में स्वाधीनता की 76वीं वर्षगाँठ हर्षोल्लास, धूमधाम एवं गरिमामय ढंग से मनाई गई। हरीतिमा की चादर ओढ़े खड़ी सुरम्य पहाडिय़ों की गोद में स्थित एसएएफ मैदान पर आयोजित हुए जिले के मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने ध्वजारोहण कर संयुक्त परेड की सलामी ली। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया।
प्रात 9 बजे शुरू हुए स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने ध्वजारोहण के पश्चात एक खुले वाहन में कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह व एसपी राजेश चंदेल के साथ सवार होकर संयुक्त परेड का निरीक्षण किया। परेड में शामिल जवानों ने तीन बार हर्ष फायर कर स्वतंत्रता दिवस अमर रहे और राष्ट्रपति के जयकारे लगाए।
ऊर्जा मंत्री ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनायें देते हुए खुले आसमान में रंग बिरंगे गुब्बारे छोड़े। मुख्य समारोह के मुख्य अतिथि ऊर्जा मंत्री श्री तोमर द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, कारगिल शहीदों के परिजनों व लोकतंत्र सेनानियों को शॉल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्कूली बच्चों द्वारा मनोहारी रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। मेरी माटी-मेरा देश अभियान की वजह से स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर इस बार अलग ही छटा बिखरी। इस बार के मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह में बहुत बड़ी संख्या में शहरवासी जश्न-ए-आजादी में शामिल होने पहुँचे।
मुख्य समारोह में सीमा सुरक्षा बल, सीआरपीएफ एवं एसएएफ द्वितीय वाहिनी के बैण्ड की मधुर धुन के साथ निकली संयुक्त परेड सभी के आकर्षण का केन्द्र रही। संयुक्त परेड में बीएसएफ टेकनपुर, सीआरपीएफ, द्वितीय वाहिनी एसएएफ, 13वीं व 14वीं वाहिनी एसएएफ, जिला पुलिस बल, होमगार्ड, एनसीसी सीनियर बालक एवं बालिका, एनसीसी जूनियर बालक, स्काउट गाईड, शौर्या दल, नगर रक्षा समिति, लाड़ली बहना सेना व कोटवार की टुकडियां शामिल हुई। संयुक्त परेड के परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक सत्यप्रकाश मिश्रा व सहायक परेड कमांडर का दायित्व सूबेदार आयुष मिश्रा ने निभाया। आकर्षक संयुक्त परेड की सलामी लेने के पश्चात मुख्य अतिथि श्री तोमर ने सभी टुकडिय़ों के परेड कमाण्डरों से परिचय प्राप्त किया और कुशल नेतृत्व के लिए बधाई दी।
संयुक्त परेड में सीनियर वर्ग में सीमा सुरक्षा बल टेकनपुर को प्रथम, सीआपीएफ को दूसरे एवं जिला पुलिस बल की टुकड़ी को तृतीय स्थान की शील्ड से नवाजा गया। इसी प्रकार जूनियर वर्ग में एनसीसी सीनियर बालिका को प्रथम, एनसीसी सीनियर बॉयज को द्वितीय एवं एनसीसी जूनियर बालिका की टुकड़ी को तृतीय स्थान की शील्ड प्रदान की गई।
इसके अलावा संयुक्त परेड में पहली बार शामिल हुईं लाड़ली बहना सेना एवं कोटवारों की टुकड़ी को विशेष प्रोत्साहन पुरस्कार स्वरूप मुख्य अतिथि ने शील्ड प्रदान की।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने जगाया देशभक्ति का जज्बा, लोकधारा भी बही
स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा चुनी हुई शिक्षण संस्थाओं के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक व मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं। राष्ट्रभक्ति एवं भारतीय संस्कृति से ओत-प्रोत इन प्रस्तुतियों ने समारोह में खूब समां बांधा। सांस्कृतिक कार्यकमों में सीएम राईज स्कूल शासकीय पद्मा कन्या उ.मा. विद्यालय को प्रथम, सीएम राईज मॉडल उमावि डीडीनगर को द्वितीय एवं सीएम राईज स्कूल शासकीय कन्या उ.मा. विद्यालय किलागेट को तृतीय स्थान की शील्ड प्रदान की गई। कार्यक्रम में इनके अलावा रामश्री इंडिया स्कूल शिवपुरी लिंक रोड़, पोतदार इंटरनेशनल स्कूल एवं शासकीय गजराराजा कन्या उमावि के बच्चों द्वारा भी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम करने वालों को सौंपे प्रशस्ति पत्र
समारोह के मुख्य अतिथि ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर चिकित्सा, शिक्षा, समाजसेवा, उन्नत खेती व पर्यावरण संरक्षण सहित अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम करने वाली विभूतियों को जिला प्रशासन की ओर से प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही उत्कृष्ट ढंग से अपने कार्य को अंजाम देने वाले विभिन्न विभागों के शासकीय सेवकों को भी मुख्य अतिथि द्वारा इस अवसर पर प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
ऊर्जा मंत्री तोमर ने स्कूल में बच्चों के साथ किया मध्याह्न भोजन
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर एसएएफ मैदान पर मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह के समापन के बाद हजीरा स्थित सीएम राइज स्कूल (सरदार पटेल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय) पहुंचे। यहां पर ऊर्जा मंत्री ने स्कूली बच्चों के साथ मध्याह्न भोजन में शामिल होकर सुरूचिपूर्ण भोजन का आनंद लिया।
श्वान ने दिखाया करतब
परेड मैदान पर स्कूली बच्चों के प्रदर्शन के बाद पुलिस, बीएसएफ के ट्रेंड डॉग ने अपना प्रदर्शन दिखाया कि किस तरह वह दुश्मन पर टूट पड़ते हैं और किस तरह खतरे को महसूस कर अलर्ट होते हैं और दुश्मन पर अटैक करते हैं।
मुख्य समारोह में इनकी रही मौजूदगी
स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, संत कृपाल सिंह, शहरकाजी, सभापति मनोज सिंह तोमर व भाजपा जिलाध्यक्ष अभय चौधरी, सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण संभागायुक्त दीपक सिंह, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक डी श्रीनिवास वर्मा, कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक राजेश चंदेल, निगमायुक्त हर्ष सिंह, जिला पंचायत के सीईओ विवेक कुमार, अपर कलेक्टर श्रीमती अंजू अरूण कुमार व टीएन सिंह सहित अन्य अधिकारी, पत्रकारगण एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, सुरक्षा बलों के जवान एवं स्कूली बच्चे उपस्थित थे।
संपादक
Rajesh Jaiswal
9425401405
rajeshgwl9@gmail.com
MP Info News
Invalid RSS feed URL.
ब्रेकिंग न्यूज़
विज़िटर संख्या
अन्य ख़बरें
-
-
-
*हेमू कालानी जन्मोत्सव मिष्ठान वितरण कर बनाया* *
—03/23/2019 -









