मुरार विकासखंड में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम की नवीन सत्र की कक्षाओं का शुभारंभ

Aug 14 2023

ग्वालियर। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद मुरार विकासखंड द्वारा शैक्षणिक सत्र 2023-24 अंतर्गत मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम की बीएसडबल्यू एवं एमएसडब्ल्यू कक्षाओं का शुभारंभ   उत्कृष्ट विद्यालय मुरार में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक धर्मेन्द्र दीक्षित उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी डॉ. आनंद शर्मा ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी हरिओम गौतम, विकासखंड समन्वयक श्रीमती प्रीति वाजपेयी उपस्थित थी।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती का पूजन कर किया किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में विकासखंड समन्वयक प्रीति वाजपेयी ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के उद्देश्यों के बारे में विस्तार पूर्वक बताया।
जिला समन्वयक धर्मेन्द्र दीक्षित ने अपने उद्भोदन में कहा कि प्रत्येक समाज में कुछ ऐसे लोग होते हैं, जो स्वेच्छा से समाज के विकास एवं उत्थान के लिए कार्यरत होते हैं। यदि ऐसे लोगों को चिन्हित कर जागरूक, क्षमता सम्पन्न एवं सशक्त कर दिया जाए तो वे अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित तरीके से समाज के विकास के लिए कार्य कर सकेंगे। ऐसे ही स्व-प्रेरणा से प्रयासरत लोगों को शिक्षित कर सशक्त सामाजिक नेतृत्वकर्ता के रूप में विकसित करने हेतु मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम का संचालन किया जा रहा है। कार्यक्रम का मूल उद्देश्य स्वप्रेरणा से ग्राम विकास में योगदान के अभिलाषी नवयुवकों के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास और सामाजिक हितों में उनका अधिकतम उपयोग है। जिससे वे सतत् विकास लक्ष्यों की प्राप्ति की दिशा में सकारात्मक सहयोग प्रदान कर सकें।
इस अवसर पर रमन शिक्षा समिति के अध्यक्ष हरिओम गौतम ने कहा कि मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम (सीएमसीएलडीपी) मध्यप्रदेश शासन की एक महत्वाकांक्षी और अभिनव पहल है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में वंचित और उपेक्षित समुदाय को शासकीय योजनाओं के माध्यम से जीवन स्तर में सुधार लाकर समाज को सक्षम नेतृत्व प्रदान करने हेतु प्रशिक्षित समूह तैयार करना है। 
समाजसेवी डॉ. आनंद शर्मा ने व्यक्तित्व विकास एवं नेतृत्व विकास पर अपने विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं को पाठ्यक्रम की पुस्तकें प्रदान की गयी। कार्यक्रम का संचालन हरिशरण अवस्थी ने तथा आभार मेन्टर्स शैलेन्द्र चौधरी ने किया।
इस अवसर पर उल्फत सिंह कुशवाह, हरिकंठ सिंह बघेल, मेन्टर्स अपूर्वा सारभाई, भावना कुशवाह, उमा सोनी एवं पवन कुशवाह सहित सभी छात्र-छात्रायें उपस्थित थे।