कार्यकर्ता विधानसभा और लोकसभा में जीत के लिए जुटें : तोमर

Aug 14 2023

ग्वालियर। आज देश और प्रदेश में गरीब कल्याण की योजनाओं से गरीब का जीवन बदल रहा है। केंद्र की मोदी सरकार ने आयुष्मान योजना देश को दी यह आयुष्मान योजना 50 करोड़ लोगों को कवर कर रही है। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से ग्वालियर में जयारोग्य अस्पताल में मात्र 6 माह में 100 करोड़ रुपए का इलाज हो चुका है। यह 100 करोड़ रुपए नरेंद्र मोदी सरकार की आयुष्मान योजना के कारण जनता के बचे है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में शिवराज सिंह चौहान सरकार ने लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत सवा करोड़ बहनों को लाभ मिल रहा है। अभी बहनों को 1000 रूपए मिल रहे हैं, आगे चलकर 3000 रुपए बहनों को मिलने लगेंगे।
यह बात केंद्रीय कृषि मंत्री एवं मध्यप्रदेश के चुनाव प्रबंध समिति के प्रदेश संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर ने गोयल वाटिका में ग्वालियर दक्षिण विधानसभा के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। भारतीय जनता पार्टी की केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार ने प्रदेश का चहुंमुखी विकास किया है। जब-जब भी कार्यकर्ता दृढ़ निश्चय के साथ मैदान में उतरे हैं और मन लगाकर काम किया है, तब-तब पार्टी ने बहुमत से जीत हासिल की है। आने वाले विधानसभा और लोकसभा के चुनावों में जीत के लिए आपको अभी से जुटना होगा।
तोमर ने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि 2047 जब आए, तो भारत माता परम वैभव पर स्थापित हो। मध्यप्रदेश स्वर्णिम मध्यप्रदेश बने और भारत श्रेष्ठ भारत बने। इसके लिए 2023 का विधानसभा चुनाव और 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव को जीतना जरूरी है। चुनाव एक चुनौती की तरह होते हैं और स‘चा कार्यकर्ता वह है, जो इस चुनौती को स्वीकार करके विजय प्राप्त करता है। इसलिए आज से ही संकल्प लेकर जुट जाएं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में अमलूचल परिवर्तन आया है। आज पूरे देश व प्रदेश में अलग प्रकार का परिवर्तन दिखाई दे रहा है। आने वाले कल में भारत, श्रेष्ठ भारत बने, इसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं। सभा को सांसद विवेक शेजवलकर, जिलाध्यक्ष अभय चौधरी, पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा, जिला प्रभारी अरूण चतुर्वेदी, पूर्व मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने भी संबोधित किया। 
पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा ने कहा कि हमने और जनता ने कांग्रेस की सरकार देखी है। पूरे प्रदेश का बंटाधार कर दिया था। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जनता ने हमारी भी सरकार के कार्यो को देखा है। भाजपा का कार्यकर्ता पूरी ईमानदारी से जनता के कल्याणकारी कार्य कर रहे हैं। कार्यक्रम का संचालन विधानसभा संयोजक विवेक जोशी ने एवं आभार मंडल अध्यक्ष महेंद्र श्रीवास्तव ने किया।