बच्चों की टिप पर शराब का जखीरा मिला, तिरंगा अभियान में मिली सफलता

Aug 14 2023

ग्वालियर। हर घर तिरंगा अभियान में शामिल पुलिस और प्रशासनिक अफसरों ने जब इस अभियान में बच्चों को शामिल किया तो बच्चों ने एक टिप पुलिस अफसरों को दी। टिप पर गंभीरता से काम कर पुलिस ने दबिश दी और शराब का जखीरा बरामद किया। घटना मोहना थाना क्षेत्र के बरसाना की है। पुलिस ने अवैध शराब को जब्त कर लिया है।
एसडीओपी घाटीगांव संतोष पटेल ने बताया कि हर घर तिरंगा अभियान में उनके साथ एसडीएम डीडी शर्मा के साथ पुलिस, प्रशासनिक और वन विभाग की टीम गांव-गांव जाकर स्थानीय लोगों को इस अभियान में जोड़ रही थी। जब टीम मोहना थाना क्षेत्र के बरसाना पहुंची तो यहां पर खेल रहे बच्चों को इस अभियान में शामिल किया। बच्चों को झूला झुलाने के साथ ही पुलिस ने उन्हें उपहार दिए तो बच्चों ने उन्हें टिप दी कि पास ही खेतों पर अवैध शराब बनाई जा रही है।
पुलिस जब मौके पर पहुंची तो यहां पर तीन महिलाएं शराब बना रही थीं। पुलिस को देखते ही महिलाएं वहां से भाग निकलीं। पुलिस ने अज्ञात महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने जमीन से शराब निकालने के लिए जेसीबी बुलाई और इसके बाद वहां से शराब से भरे पांच ड्रम व पच्चीस ख़ाली ड्रम, जमीन से शराब निकालने का नल जब्त किया। वहीं मौके पर पुलिस ने हजारों लीटर लहान नष्ट किया।
 कार्रवाई में एसडीएम डीडी शर्मा, एसडीओपी घाटीगांव संतोष पटेल, थाना प्रभारी मोहना अजयपाल यादव, नायब तहसीलदार बरेलिया, घाटीगांव थाना प्रभारी शैलेन्द्र घुरैया, आरोन के उपनिरीक्षक पदम भील, वन विभाग का स्टाफ सहित कुल 50 कर्मचारी शामिल थे।