15 अगस्त को लेकर रेलवे का अलर्ट जारी, स्टेशन पर जांच के साथ पूछताछ भी होगी

Aug 13 2023

ग्वालियर। आगामी 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रेलवे ने अलर्ट जारी किया है। इसके तहत सार्वजनिक स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। 15 अगस्त के मद्देनजर सुरक्षा को लेकर रेलवे स्टेशन परिसर को रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) व शासकीय रेल पुलिस (जीआरपी) द्वारा छावनी में तब्दील कर दिया जाएगा। स्टेशन पर रेल यात्रियों के बैग, सूटकेसों की बारीक जांच के साथ ही पूछताछ भी की जाएगी। इसके साथ ही स्निफर डाग से भी सूटकेस चेक कराए जाएंगे।
रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी द्वारा संयुक्त रूप से चैकिंग अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान में रेलवे स्टेशन के सभी प्लेटफार्मों व सर्कुलेटिंग एरिया तक चप्पे-चप्पे की खाक छानी जाएगी। स्टेशन के मुख्य द्वार पर मेटल डिटेक्टर से हर आने-जाने वाले यात्रियों के सामना चैक किए जाएंगे। संदिग्ध दिखने वाले यात्रियों के बैगों तक की तलाशी ली जाएगी। इसके साथ ही ग्वालियर स्टेशन से गुजरने वाली सभी ट्रेनों में चैकिंग की जाएगी।
ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे आरपीएफ निरीक्षक संजय आर्या के मुताबिक सुरक्षा व्यवस्था के लिए आला अधिकारियों द्वारा सख्त निर्देश दिए गए हैं। प्लेटफार्म व रेलवे स्टेशन परिसर में आने वाले व्यक्तियों को चेक किया जा रहा है। यही नहीं, शरारती तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। आरपीएफ ने यात्रियों से यात्रा के दौरान सावधान रहने, अनजान यात्रियों से खाने-पीने का सामान न लेने, संदिग्ध सामान की जानकारी तुरंत रेलवे या आरपीएफ को देने को कहा है। साथ ही रेलवे पुलिस के सहायता नंबरों के बारे में जानकारी दी जाएगी। रेलवे स्टेशन पर हाई अलर्ट के चलते जहां जीआरपी और आरपीएफ मुस्तैद है, वहीं बीडीएस के अलावा पुलिस बल स्निफर डाग के साथ भी स्टेशन पर कोना-कोना खंगालेगा। इसके अलावा वीआइपी रूम, पार्सल आफिस, टिकट घर में सघन चैकिंग अभियान चलाया जाएगा।