सोशल मीडिया पर आशिकी पड़ी महंगी छात्रा के भाइयों ने सडक़ पर अर्धनग्न कर बेल्ट से पीटा, छुलवाए पैर

Aug 11 2023

ग्वालियर। सोशल मीडिया पर आशिकी एक युवक को महंगी पड़ गई है। एक छात्रा के बारे में कमेंट्स करने पर छात्रा के भाई व उनके दोस्तों ने युवक को जमकर पीटा। मनचले को अर्धनग्न कर सडक़ पर बेल्ट से पीटा गया। बल्कि उससे पैर भी छुलवाए हैं। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है।
वीडिया में एक अर्धनग्न युवक को चार से पांच हमलावर बेल्ट, चप्पल व जूते से पीट रहे हैं। इस दौरान पीटते हुए हमलावर यह भी कह रहे हैं और डालेगा स्टोरी, जबकि युवक हाथ जोडक़र कह रहा है, मुझे छोड़ दो अब कुछ नहीं करुंगा। हालांकि यह वीडिया विक्रमपुर खेरिया का बताया जा रहा है। पुलिस को इस मामले में किसी पक्ष ने कोई शिकायत नहीं की है।
इसमें पिट रहे युवक ने फेसबुक और इंस्टाग्राम पर एक छात्रा का फोटो लगाकर कोई स्टोरी लगा दी थी, जिसका पता चलते ही छात्रा के भाई व अन्य परिजन और दोस्तों ने मनचले को पकड़ लिया। उस समय मनचला बाइक पर सवार था। युवकों ने उसे गाड़ी से उतारकर अर्धनग्न अवस्था में बेल्ट से पीटा है। इसके बाद उसे सडक़ पर पटककर मुंह में जूते व लातें मारी हैं। पीटने वालों में एक युवक की पहचान विक्रम सिंह के रूप में हुई है।
युवक को पीटने वाले उससे बार-बार पूछ रहे थे कि बता और लगाएगा स्टोरी। हमलावर, मनचले के सोशल मीडिया पर कमेंट्स करने से नाराज थे। जिस पर उन्होंने मनचले को बेरहमी से पीटा है। हालांकि किसी भी पक्ष की तरफ से कोई शिकायत महाराजपुरा थाना में नहीं की गई है। पुलिस के संज्ञान में भी वीडिया आया है, लेकिन पुलिस अपनी ओर से कोई एक्शन नहीं ले रही है।
मनचले को पीटने वाले युवकों ने ही उसे पीटते हुए और गालियां देते हुए वीडिया शूट किया है। उससे पैर छुलवाए और कान पकडक़र ऊठक-बैठक भी करवाई गईं। इसके बाद उसकी बेइज्जती करने के लिए वीडिया सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है। जिससे आगे से वह किसी भी लडक़ी के साथ ऐसा न करे।