संस्कार पब्लिक स्कूल की टीम बनी एकल ज्ञान संचय क्विज प्रतियोगिता की विजेता

Aug 08 2023

ग्वालियर। एमएसएमई का फुल फॉर्म क्या है? 2024 का 20-20 वल्र्ड कप कहां खेला जाएगा? कुछ इस तरह के सवाल शीतला सहाय सभागार, कैंसर अस्पताल में सुनने को मिले। एकल युवा ग्वालियर द्वारा एकल ज्ञानसंचय इंटर स्कूल क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें शहर के टॉप स्कूलों की 16 टीमों ने भाग लिया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य छात्रों के सामान्य ज्ञान का मूल्यांकन करना और साथ ही शिक्षा से वंचित जरूरतमंद बच्चों की एजुकेशन के लिए धन जुटाना था। एकल युवा टीम अपने मिशन को लेकर कटिबद्ध है तथा आगे भी ऐसे आयोजन करती रहेगी।
क्विज प्रतियोगिता को तीन भागों में विभाजित किया गया था। प्रारंभिक दौर, सेमी-फाइनल और फाइनल। प्रारंभिक राउंड पेपर आधारित राउंड था, जिसमें 6 टीमें बाहर हो गईं। शेष 10 टीमों को 5-5 टीमों के 2 समूहों में विभाजित किया गया और बाद में, सर्वश्रेष्ठ 5 उच्च स्कोरिंग टीम फाइनल में पहुंची। शीर्ष 3 विजेताओं का निर्णय बाद में मंच आधारित मौखिक प्रश्नोत्तरी और रैपिड फायर राउंड के माध्यम से किया गया।
संस्कार पब्लिक स्कूल की टीम विजेता, आर्मी स्कूल उपविजेता और ब्रिलियंट स्टार कॉन्वेंट की टीम तीसरे स्थान पर रही। इवेंट में कैंसर हॉस्पिटल की मशहूर डॉक्टर गुंजन श्रीवास्तव का एक स्पेशल सेशन भी रखा गया था, जिसके माध्यम से उन्होंने वहां मौजुद छात्रों, शिक्षकों और दर्शकों को स्वस्थ जीवन शैली विषय से रूबरू कराया।
चीफ गेस्ट डॉ. बीआर श्रीवास्तव, गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में पूर्व महापौर समीक्षा गुप्ता, प्रमोद कुमार गुप्ता, नीरज गर्ग, अनूप सिंहल उपस्थित थे। साक्षी तोमर कार्यक्रम की होस्ट थीं और क्विज़ का संचालन प्रसिद्ध क्विज़ मास्टर आयुष खंडेलवाल ने किया। शबरी बस्ती कार्यक्रम में चयनित 16 बच्चों को भी विशेष रूप से बुलाया गया था।
कार्यक्रम के अंत में सभी टीमों को सम्मानित किया गया और संस्कार पब्लिक स्कूल की दिशा बिस्वास को सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागी का पुरस्कार दिया गया। 
प्रतियोगिता को सफल बनाने में अध्यक्ष संचिता गुप्ता के साथ-साथ संरक्षक अंजलि बत्रा, मृदुला वैश्य, शांभवी जैन, नितिन बरैया, निकिता शर्मा, दिव्या लावनिया, प्राची, अलका डागर, सौम्या, ईशा शर्मा, तुषार देवानी, सोनल, सुप्रिया गर्ग आदि का महत्वपूर्ण योगदान रहा।