24.55 करोड़ रुपए से होगा डबरा स्टेशन का विकास,पीएम ने वर्चुअल किया शिलान्यास

Aug 06 2023

ग्वालियर/डबरा। ग्वालियर जिले के डबरा रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल किया गया है। डबरा सहित देश के 508 रेलवे स्टेशन की अधोसंरचना का पुनर्निर्माण होगा। इसके लिए 6 अगस्त रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल रूप से शिलान्यास किया।
डबरा रेलवे स्टेशन पर हुए कार्यक्रम में केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार, क्षेत्रीय सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, पूर्व मंत्री इमरती देवी सुमन सहित सामाजिक संस्थाओं के लोग मौजूद रहे।
स्टेशन पर प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। वर्चुअल रूप से उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि नई ऊर्जा नए संकल्प के साथ रेलवे के इतिहास में नए युग की शुरुआत हो रही है। इसमें देश के 508 स्टेशनों को शामिल किया गया है जो आधुनिक आकांक्षा के साथ भारत की विरासत के रूप में विकसित होंगे।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र खटीक ने कहा कि आज देश के 508 स्टेशनों का चयन अमृत भारत योजना के तहत किया गया है। हमारे देश में वर्षों पुराने रेलवे स्टेशन थे जो बढ़ती हुई रेल यात्रियों की सुविधाओं की दृष्टि से अपर्याप्त और असुविधाजनक थे। यही कारण है कि महानगरों के साथ-साथ छोटे शहरों के स्टेशनों को भी आधुनिक स्वरूप और सुखदायक बनाया जा रहा है। आने वाले समय में डबरा जैसी जगह पर भी सर्वसुविधा युक्त स्टेशन होगा। जिसमें 24 करोड़ की लागत से विकास किया जाएगा। यहां यात्रियों को सभी प्रकार की सुविधाएं आने वाले समय में उपलब्ध होंगी।
अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत देश के जिन 508 रेलवे स्टेशनों को शामिल किया गया है, उनमें डबरा समेत प्रदेश के 27 रेलवे स्टेशन चुने गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रविवार को इन सभी स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के उन्नयन की परियोजना का शिलान्यास किया। डबरा स्टेशन पर भी पुनर्विकास एंव उच्चीकरण आगामी 30 वर्ष की जरूरतों को ध्यान में रखकर किया जाना प्रस्तावित है।
पूर्व मंत्री इमरती देवी सुमन ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डबरा में ट्रेनों के स्टॉपेज किए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि गोंडवाना एक्सप्रेस कोरोना काल में बंद कर दी गई थी, उसे फिर शुरू किया जाए। व्यापारियों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए मुंबई जाने वाली ट्रेनों का भी डबरा में हॉल्ट किया जाए। उन्होंने प्रतिदिन अप डाउन करने वाले छात्रों की सुविधाओं को देखते हुए दो ट्रेनों को सुबह और शाम चलाएं। इससे छात्र और सर्विस क्लास के लोग डबरा-ग्वालियर और झांसी का आवागमन समय पर कर सकें।
डबरा रेलवे स्टेशन को विश्वस्तरीय रेलवे स्टेशन के रूप में विकसित करने की योजना बनाई गई है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशनों का पुनर्विकास एंव उच्चीकरण किया जाएगा। स्टेशन का पुनर्विकास 24.55 करोड़ रुपए से होगा। सिटी प्लानर के अनुसार दूसरी एंट्री और सर्कुलेटिंग एरिया का विकास इसमें दोनों तरफ में वृहद पार्किंग रहेगी। स्टेशन पर 4 लिफ्ट की सुविधा होगी। स्टेशन पर 12 मीटर चौड़े एफओबी का प्रावधान किया जा रहा है। इसमें वेटिंग प्रदान किया जाएगा। स्टेशनों की लैंड स्केपिंग, भूनिर्माण, हरे पैच और स्थानीय कला। स्टेशन को दिव्यांगजन की सुगमता के दृष्टिगत विकसित किया जाएगा। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में आमजन, रेलवे कर्मचारी मौजूद थे। इस अवसर पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कृत किया गया।