शुक्रवार सुबह हुई झमाझम से शहर की सडक़ें जलमग्न

Aug 04 2023

ग्वालियर। शुक्रवार सुबह शहर में हुई झमाझम बारिश ने एक बार फिर स्वच्छता अभियान की पोल खोल दी है। इस बारिश ने शहर की कई कॉलोनियों की सडक़ों को जलमग्न कर दिया। विनय नगर में तो हालात यह थे कि यहां पानी भरा होने से स्कूल की बसें ही नहीं आ पाईं और बच्चे स्कूल नहीं जा पाए। शब्दप्रताप आश्रम स्थित वी मार्ट के बेसमेंट में पानी भर गया। इसी तरह क्षेत्र की अन्य बहुमंजिला भवनों के बेसमेंट में भी पानी भर गया। सुबह 42.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। इसके साथ ही शुक्रवार तक कुल 425 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है। शुक्रवार सुबह हुई बारिश से लंबे समय बाद सुबह मौसम राहत भरा रहा। मौसम में हल्की ठंडक सुकून दे रही थी।
गत दिवस दिन में हुई झमाझम बारिश के बाद आधी रात को आसमान में घने बादल छा गए थे। सुबह पांच बजे से ही रिमझिम शुरू हो गई थी। इस छह बजे करीब तेज बारिश शुरु हो गई करीब आधा घंटे तेज बारिश के बाद फिर हल्की बारिश का क्रम 7.30 बजे तक चलता रहा। इसके बाद कहीं हल्की तो कही मध्यम बारिश हुई। बारिश के कारण सडक़ों पर आज फिर पानी भर गया।
दरअसल नगर निगम द्वारा बरसात पूर्व नालों की सफाई ठीक तरह से नहीं कराई गई यही वजह है कि जरा सी बारिश में हालात खराब हो जाते हैं। निगमायुक्त के निरंतर निर्देश के बाद भी अधिकारी इन आदेशों का पालन नहीं कर रहे हैं। 
गत दिवस जहां लश्कर में झमाझम बारिश हुई थी तो मुरार सिटी सेंटर क्षेत्र में केवल रिमझिम हुई। इस कारण यहां दिन में केवल 2.5 मिलीमीटर बारिश ही दर्ज हुई।
रेनकोट पहन कर पहुंचे बच्चे स्कूल
सुबह जब बच्चों के स्कूल जाने का समय था तब तक बारिश जारी थी। इस कारण बच्चे छाते लेकर और रेनकोट ्रपहनकर स्कूल पहुंचे। विनयनगर में तो कई सडक़ों पर इतना पानी भरा था कि वहां स्कूल बसें ही नहीं पहुंच पाईं इस कारण यहां रहने वाले कई बच्चे शुक्रवार को स्कूल नहीं पहुंच सके। 
12 बीघा में पहुंची फायर ब्रिगेड
वार्ड क्रमांक 4 के अंतर्गत आने वाली 12 बीघा और 24 बीघा कॉलोनियों में पानी भरने पर यहां के लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दे दी। इस सूचना पर यहां पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने इस क्षेत्र में पंप लगाकर पानी की निकासी की।
अस्पताल रोड सहित कई इलाकों में भरा पानी
बारिश के कारण एक हजार बिस्तर के अस्पताल रोड पर भी पानी भर गया था। इसी तरह कंपू में अंडर ब्रिज में पानी भरने से यहां यातायात रोक दिया गया। इसी तरह एजी ऑफिस पुल के नीचे, नदी गेट रोड पर तथा जयेन्द्रगंज से नदी शिंदे की छावनी जाने वाली रोड पर भी पानी भरा हुआ था। यहां सुबह निगम के कर्मचारी पानी निकासी के लिए प्रयास करते रहे। यह स्थान ऐसा है जहां बिना बारिश के भी पानी भर जाता है। यहां की जल निकाली के रास्ते जाम होने से यहां सडक़ पर पानी भर जाता है।
गाय की मौत
बहोड़ापुर में शील नगर में सुबह बिजली के खंबे में आ रहे करंट के कारण एक गाय की मौत हो गई। 
अध्यात्म निकेतन पर नाला बना फिर भी पानी भरा
बहोडापुर में अध्यात्म निकेतन वाले मार्ग पर चार साल पहले नाले में गिरकर महिला की मौत के बाद वर्तमान ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने आंदोलन किया था। जब वे मंत्री बनें तो उन्होंने यहां नाला बनवा दिया। लेकिन इस नाले का निर्माण होने के बाद भी नाले में पानी की निकासी नहीं होने से सारा पानी सडक़ पर भर रहा है। इस कारण बरसात में पानी भर जाने से यहां से निकलना तक मुश्किल होता है। शुक्रवार सुबह यहां नाले के ऊपर से पानी बह रहा था। यहां पानी अधिक होने से जब तक पानी कम नहीं हुआ यहां से वाहनों का आवागमन रूका रहा । विनय नगर सेक्टर में कई जगह तालाब जैसे हालात थे। इसी तरह दीनदयाल नगर एवं मुरार अस्पताल परिसर में भी पानी भरने से तालाब जैसे हालात हो गए थे।
स्थानीय मौसम विज्ञानी हुकुम सिंह का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में बनें कम दबाव के चलते ग्वालियर- चंबल संभाग में सक्रिय सिस्टम के चलते अभी 6 अगस्त तक बारिश के आसार है। इस सिस्टम के कारण ग्वालियर जिले के आस-पास के जिलों में अच्छी बारिश हो रही है।