खड़ी बस से तेज रफ्तार बाइक टकराई, बाइक चालक घायल

Jul 31 2023

ग्वालियर। मुरार में एक बाइक सवार तेज रफ्तार में स्किड करता हुए सडक़ किनारे खड़ी बस में जा घुसा। बाइक सवार सडक़ पर करीब 20 फीट तक घिसटता हुआ बस के नीचे आधा घुस गया। जिससे वह गंभीर घायल हो गया है। घटना गत रात 11 बजे सेंटपॉल स्कूल के पास की है। घायल को स्थानीय लोगों ने पास ही एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया है। घायल घटना के समय मोबाइल पर बात कर रहा था।
उसके नशे में होने की आशंका है। घटना के बाद घायल स्पॉट पर एक ही बात कह रहा था मुझे बचा लो। घटना की सूचना पुलिस को बस मालिक ने दी थी, लेकिन पुलिस ने रात से लेकर सोमवार दोपहर तक स्पॉट से बाइक नहीं हटाई है। सुबह जब स्कूल के बच्चे पहुंचे तो खून और इस तरह बाइक बस में घुसी देखकर सहम गए।
शहर के मुरार रिवर व्यू कॉलोनी निवासी ओमप्रकाश झा बस ऑपरेटर हैं। उनकी बसें केन्द्रीय विद्यालय में स्कूली बच्चों को लाने ले जाने के लिए लगी हैं। रविवार रात को उन्होंने सेंटपॉल स्कूल मुरार वाली गली काली माता मंदिर के पास अपनी बस क्रमांक एमपी07 पी-2127 पार्क कर दी थी।  गत रात करीब 11 बजे छह नंबर चौराहा की तरफ से हीरो बाइक नंबर एमपी07 एमएक्स-9176 पर सवार होकर आ रहे युवक ने अचानक चलती गाड़ी पर मोबाइल कॉल रिसीव किया और उसकी गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया। बाइक सहित उस पर सवार युवक करीब 20 फीट तक सडक़ पर घिसटते हुए बस के नीचे जा घुसा। आधी बाइक बस के नीचे अंदर घुस गई और आधी बाहर। हादसे में बाइक सवार बुरी तरह घायल हो गया है।
घटना के बाद अभी कोई कुछ समझ पाता कि तभी घायल सिर और कंधे से खून बहते हुए चिल्लाने लगा कोई तो मुझे बचा लो इसके बाद आसपास के लोगों ने घायल को तत्काल पास के ही निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। बस मालिक ओमप्रकाश झा ने तत्काल मामले की सूचना मुरार थाना पुलिस को दी। एफआरबी स्पॉट पर पहुंची और कार्रवाई का आश्वासन देकर लौट आई। सुबह तक सडक़ पर बाइक बस के अंदर आधी घुसी पड़ी रही, लेकिन पुलिस को वहां से बाइक हटाने का समय नहीं मिला।
घायल की पहचान करने के लिए पुलिस ने बाइक के नंबर को सर्च किया तो वह किसी अमर कुमार शुक्ला निवासी डीडी नगर भिंड रोड के नाम पर रजिस्टर्ड निकली है। घायल होने वाले की पहचान अमर कुमार के रूप में हुई है। हादसे के समय घायल मोबाइल पर बात करना बता रहा है। पर घटना स्थल के आसपास रहने वाले उसके नशे में होने की बात भी कर रहे हैं।
गत रात को एक्सीडेंट हुआ पुलिस को समय पर सूचना दे दी गई। इसके बाद भी सोमवार दोपहर तक बस में आधी बाइक घुसी सडक़ पर पड़ी थी। आसपास खून बिखड़ा पड़ा था। घायल की चप्पल बस और बाइक में फंसी दिख रही थी। सोमवार सुबह जब सेंट पॉल स्कूल के बच्चे पहुंचे तो स्पॉट पर खून बिखरा देख और बाइक इस तरह से फंसी देख सहम गए। इस कारण वहां जाम भी लग गया, लेकिन कोई पुलिसकर्मी नजर नहीं आया है।