प्रेमी को मैसेज करने के बाद प्रेमिका ने खाया जहर, मौत

Jul 30 2023

ग्वालियर। भितरवार क्षेत्र में एक प्रेमिका द्वारा अपने प्रेमी से लड़ाई के बाद जहर खा लिया। उसकी ग्वालियर में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर मामला मैं जांच प्रारंभ कर दी है।
पूरा घटनाक्रम भितरवार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम मोहनगढ़ का है। यहां पूनम पुत्री सुघर सिंह बाथम (22) ने 2 दिन पहले जहर खा लिया था। महिला का विवाह देवरा गांव में हुआ था। वह पति से तलाक लेकर आ गई थी। एक साल पहले ही उसकी दूसरी शादी उत्तर प्रदेश के शमशाद में हुई। जहां से वह 10 दिन पहले ही गांव आई थी। इस पूरे मामले में सबसे बड़ी बात यह है कि महिला का गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग था। गांव आने के बाद उसकी उससे बातचीत हुई।
महिला ने जहर खाने की बात युवक के व्हाट्सएप पर कही। उसे जहर के फोटो भेजे। इस पर युवक ने ओके का मैसेज कर दिया। इसके बाद महिला ने जहर खा लिया। गंभीर अवस्था में उसे परिजन पहले भितरवार स्वास्थ्य केंद्र, बाद में ग्वालियर लेकर पहुंचे। जहां उसकी मौत हो गई। महिला ने अपनी मौत से पहले बताया कि युवक उसे परेशान कर रहा था। महिला की मौत के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। थाना प्रभारी रमाकांत उपाध्याय का कहना है कि युवती की जहरीला पदार्थ खाने के बाद ग्वालियर में मौत हुई है। मामले में मर्ग कायम किया गया है। प्रकरण की जांच की जा रही है।