छत के रास्ते आए चोर सोता रहा व्यवसायी का परिवार, गहने-नकदी सहित 4 लाख की चोरी

Jul 30 2023

ग्वालियर। पूर्व मंत्री नारायण सिंह कुशवाह के मोहल्ले में चोरी की घटना हुई है। एक व्यवसायी का परिवार घर में सोता रहा और चोर गहने-नकदी चोरी कर ले गए। घटना जनकगंज में बेलदारों का पुरा में गत रात की है। चोरी की घटना का पता रविवार तडक़े चार बजे चला, जब परिजन की नींद खुली। चोर अलमारी में रखे 4 लाख रुपए, गहने चोरी कर ले गए हैं। यह गहने और कैश बड़े भाई की शादी के लिए रखे थे। चोरी का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद चोरी का मामला दर्ज कर लिया है।
जनकगंज स्थित बेलदारों का पुरा स्थित पूर्व मंत्री नारायण सिंह कुशवाह के घर के पास पवन चंदवानी पुत्र मनोहर लाल चंदवानी रहते हैं। उनका निजी व्यवसाय है और गत रात खाना खाने के बाद वह और उनका पूरा परिवार सो गया था। रात जब वह गहरी नींद में थे तभी चोर गिरोह ने उनके घर पर धावा बोल दिया। दबे पांव आए चोरों ने घर की अलमारी तक पहुंचकर उसमें रहने लाखों रुपए के पुश्तैनी गहने, चार लाख रुपए नकद सहित अन्य सामान पार कर दिया। रविवार तडक़े करीब 4 बजे उनके पिता की नींद खुली और जैसे ही वह दूसरे कमरे में पहुंचे उनके पैरों तले जमीन निकल गई, क्योंकि जिस बक्से में चार लाख रुपए व सोने के जेवर रखे थे, उसका ताला टूटा हुआ था। मामला समझ में आते ही अन्य परिजन को जगाया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है।
व्यवसायी ने पुलिस को बताया कि घर से चोरी किए गए गहने उनके पुश्तैनी थे। जबकि चार लाख रुपए भाई सागर की शादी के लिए निकालकर रखे थे। दीपावली के बाद भाई की शादी है। जिसमें खर्च के लिए ही यह रुपए थे। गहने उनकी मां के तीस साल पुराने हैं।
सुबह जब परिवार के सदस्यों की नींद खुली तो सभी का सिर भारी था। कुछ को सिर में तेज दर्द हो रह था। इस पर आशंका है कि वारदात के लिए आए चोरों ने बेहोशी की दवा का स्प्रे करने के बाद चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। वरना घर में अंदर तक चोर घुस आए गहने नकदी ले गए और किसी को भनक तक नहीं लगी।
जनकगंज थाना प्रभारी आलोक सिंह परिहार का कहना है कि चोरी की घटना हुई है। पुलिस आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। जिससे चोरी करने वालों का कोई सुराग लग सके।