राइफल साफ कर रहा था मैरिज गार्डन संचालक: लापरवाही से दबा ट्रिगर, हुई मौत

Jul 29 2023

ग्वालियर। एक मासिक पत्रिका का संपादक और मैरिज गार्डन संचालक की 315 बोर की राइफल साफ करने के दौरान गोली चलने से दुखद मौत हो गई। पुलिस के अनुसार युवक से लोडेड राइफल को लापरवाही से साफ करते समय ट्रिगर दब गया। घटना शनिवार सुबह दर्पण कॉलोनी की है। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद शव को निगरानी में लिया है। पुलिस  अब पड़ताल कर रही है कि यह हादसा है या खुदकुशी।
शहर के थाटीपुर थाना क्षेत्र के दर्पण कॉलोनी एलआईजी क्वार्टर नंबर 937 निवासी 34 वर्षीय अभिषेक सक्सेना पुत्र ओमप्रकाश सक्सेना मैरिज गार्डन संचालक हैं। साथ ही एक निजी मासिक पत्रिका के वह संपादक हैं। शनिवार की सुबह वह अपनी 315 बोर व बारह बोर की राइफल लेकर नीचे वाले कमरे में पहुंचे और उनकी सफाई शुरू की। जिस समय वह राइफल साफ कर रहे थे उस समय परिवार के अन्य सदस्य घर की दूसरी मंजिल पर थे। कुछ देर बाद अचानक गोली चलने की आवाज आई। जिस पर अभिषेक के परिजन नीचे रूम में पहुंचे तो देखा कि अभिषेक कमरे के फर्श पर उल्टा पड़े थे और पूरा कमरा खून से सना था। अभिषेक का सिर का मांस उड़ चुका था। पहली ही नजर में साफ हो गया था कि अभिषेक की मौत हो चुकी है। उसने खुद को गोली मारी या फिर लापरवाही से गन साफ करते समय गोली लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को निगरानी में लेकर जांच शुरू कर दी है।
बताया गया है कि मृतक के सिर में गोली लगी और गोली से उसकी खोपड़ी खुल गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। साथ ही गोली सिर को खोलते हुए दीवार में लगी है। कमरे में चारों तरफ खून के छींटे हैं। जिनको पुलिस ने संज्ञान में लिया है।
बेटे की मौत का पता चलते ही उनके परिजन की हालत बिगड़ गई है। जिससे वह बेसुध हो गए। बताया गया है कि मृतक के परिवार में पत्नी और एक चार साल का बेटा है।
पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची तो 315 बोर की राइफल जमीन पर पड़ी हुई थी और बारह बोर की राइफल बिस्तर पर रखी थी। पास ही राइफल साफ करने का सामान रखा हुआ था।
पुलिस हादसा या खुदकुशी के बीच उलझन में नजर आई तो अफसरों ने फोरेंसिक एक्सपर्ट सीनियर साइंटिस्ट अखिलेश भार्गव को भी बुला लिया। एक्सपर्ट ने घटना स्थल की बारीकी से जांच की है और हादसे की ओर इशारा किया है। क्योंकि घटना स्थल पर ही दोनों राइफल मिली हैं और राइफल को साफ करने वाली ऑइल की सीसी व कपड़ा भी रखा मिला है।
इस मामले में टीआई थाटीपुर विनय शर्मा का कहना है कि राइफल साफ करते समय चली गोली से एक युवक की मौत हो गई है। मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।