कोचिंग संचालक ने फांसी लगाई,मौत

Jul 28 2023

ग्वालियर। एक कोचिंग संचालक ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी है। घटना विनय नगर बहोड़ापुर की है। पता चला है कि कोचिंग पर लगातार घट रही स्टूडेंट की संख्या को लेकर कोचिंग संचालक डिप्रेशन में आता जा रहा था। इसी डिप्रेशन में उसने यह कदम उठाया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को निगरानी में लेकर शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया है। साथ ही मर्ग कायम कर खुदकुशी के कारणों की पड़ताल शुरू कर दी है।
बहोड़ापुर थाना क्षेत्र स्थित विनय नगर निवासी 32 वर्षीय आशीष कुशवाह पुत्र राकेश कुशवाह कोचिंग संचालक है। वह विनय नगर इलाके में ही कोचिंग का संचालन करते थे। गत देर रात उन्होंने अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना का पता उस समय चला जब उनका छोटा भाई मनीष किसी काम से उनके कमरे में आया तो आशीष फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। भाई को फंदे पर लटका देखकर उसने शोर मचाया तो अन्य परिजन कमरे में पहुंचे और उसकी नब्ज टटोली तो पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को निगरानी में लेकर डेड हाउस में रखवाया है।
ऐसा पता लगा है कि कुछ माह से आशीष की कोचिंग में स्टूडेंट की संख्या कम होती जा रही थी। जिस कारण वह तनाव में था। कई बार घर के लोगों ने भी उसे समझाया था, लेकिन वह धीरे-धीरे डिप्रेशन का शिकार हो रहा था। पुलिस को आशंका है कि शायद यह उसकी खुदकुशी का कारण हो सकता है।
बताया गया है कि डेढ़ साल पहले ही आशीष का विवाह हुआ था। अभी उसके कोई संतान नहीं है। परिवारिक जीवन उसका अच्छा चल रहा था। इसलिए पुलिस को खुदकुशी के पीछे कोचिंग में छात्रों की घटती संख्या ही कारण नजर आ रहा है।
इस मामले में बहोड़ापुर थाना प्रभारी जितेन्द्र तोमर का कहना है कि मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। कोचिंग संचालक के मामले में पता चला है कि वह डिप्रेशन में था।