स्टील के पाइपों में ले आए 20 किलो गांजा सहित तीन पकड़े

Jul 27 2023

ग्वालियर। पुलिस ने तस्करों के खिलाफ शिकंजा कसा तो तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए नया तरीके ईजाद कर लिया है। बीती रात क्राइम ब्रांच व महाराजपुरा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में तीन तस्करों को बीस किलो गांजे के साथ लक्ष्मणगढ़ पुल के पास से पकड़ा है। पकड़े गए तस्कर पुलिस से बचने के लिए स्टील के पाइपों में गांजा छिपाकर लाए थे। पुलिस ने पकड़े गए तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। अफसरों की माने तो पकड़े गए तस्करों से पूछताछ के बाद कुछ अहम लीड हाथ लग सकती है। 
डीएसपी क्राइम शियाज केएम और महाराजपुरा सीएसपी रवि भदौरिया ने बताया कि सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर गांजे की तस्करी कर आने वाले हंै। इसका पता चलते ही क्राइम ब्रांच थाना प्रभारी अमर सिंह सिकरवार व महाराजपुरा थाना प्रभारी पंकज त्यागी को सूचना की तस्दीक व कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। जिस पर महाराजपुरा थाने व क्राइम ब्रांच की दो टीमें बनाईं और तस्करों को पकडऩे का टॉस्क दिया। महाराजपुरा थाने की टीम में एसआई दिपेन्द्र सिंह राजावत, प्रधान आरक्षक अरविन्द्र सिंह, चंद्रपाल सिंह चौहान, आरक्षक नागर और भानू तथा क्राइम ब्रांच की टीम में एएसआई राजीव सोलंकी, प्रधान आरक्षक रामबाबू सिंह, आरक्षक गौरव आर्य, अरुण पवैया और अनिल मौर्य को शामिल किया गया। दोनों टीमों ने हाइवे पर चेकिंग शुरू कर दी। 
पुलिस चेकिंग कर रही थी कि तभी तीन युवक पैदल-पैदल आते दिखे जो पुलिस को देखते ही भागने लगे। पुलिस ने तस्करों का पीछा किया और पंद्रह मिनट की मशक्कत के बाद तीनों को पकड़ लिया। पुलिस ने पकड़े गए युवकों से पूछताछ की तो उनकी पहचान मथुरा निवासी भूपाल सिंह उर्फ भूपेन्द्र सिंह पुत्र किशन सिंह जसाबर, हरिओम शर्मा पुत्र हरीश शर्मा और कलुआ उर्फ बलवीर पुत्र सिंह चौहान के रूप में हुई। पुलिस ने उनकी तलाशी ली तो रैलिंग के पाइपों के बीच छिपा हुआ बीस किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा बरामद होते ही आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। 
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए तस्करों ने बताया कि वह गांजे की खेप उड़ीसा से लेकर आए थे और ग्वालियर स्टेशन पर उतरने के बाद ऑटो से लक्ष्मणगढ़ पुल तक आए और इसके बाद वह मथुरा के लिए निकलने की तैयारी कर रहे थे कि पुलिस के हत्थे चढ़ गए। 
पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है कि उनके इस रैकेट में और कौन-कौन शामिल है और इससे पहले वह कितनी बार गांजे की खेप लेकर आ चुके हैं। 
एसएसपी राजेश सिंह चंदेल ने बताया कि तीन गांजा तस्करों को पुलिस ने पकड़ा है, उनसे बीस किलो गांजा बरामद हुआ है। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।