डॉक्टर का अपहरण कर फिरौती वसूलने वाले चारों बदमाश पकड़े

Jul 26 2023

ग्वालियर। डॉक्टर का दिनदहाड़े अपहरण करने वाले चारों बदमाशों को पुलिस ने पकड़ लिया है। अपहरण की वारदात को तीन बदमाशों ने अंजाम दिया था जबकि इनका एक साथी फिरौती की रकम लेने के लिए गया था। जब आरोपी फिरौती की रकम लेने गया था तब डॉक्टर के पिता ने उसका चालाकी से फोटो ले लिया था।
इसी फोटो के जरिए पुलिस बदमाशों तक पहुंची और बदमाशों को पुलिस ने पकड़ लिया। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि बदमाशों ने फिरौती की रकम मिलने के बाद महंगे फोन खरीदे थे और वह राजस्थान और दिल्ली में घूमने के लिए चले गए थे पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से एक लाख रुपये नगद और दो आइफोन, डाक्टर के अपहरण में उपयोग की गई बाइक बरामद की है। 
आपको बता दें कि ग्वालियर में फिल्मी स्टाइल में तीन बदमाशों ने एक डॉक्टर का अपहरण कर लिया था और उसको धमका कर फिरौती मांगी थी बदमाशों ने पहले 40 लाख रुपए मांगे थे। लेकिन बाद में 4 लाख लेकर उन्होंने डॉक्टर को छोड़ दिया था, दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद पुलिस लगातार बदमाशों की तलाश कर रही थी। इस मामले ने काफी तूल भी पकड़ लिया था। 3 बदमाशों ने अपहरण किया था जबकि इनका एक साथी फिरौती की रकम लेने के लिए गया था।
वारदात के बाद बदमाशों ने रुपए आपस में बांट लिए थे। प्रत्येक बदमाश के हाथ में 1.5 लाख रुपए आए थे। वारदात के बाद चारों बदमाश खाटू श्याम मंदिर सीकर राजस्थान पहुंचे थे। दो दिन वहां रुकने के बाद दिल्ली चले गए। यहां दो बदमाशों ने फिरौती की रकम से दो आईफोन भी खरीदे थे। पुलिस ने बदमाशों को गिरफ्तार करने के बाद दोनों आईफोन, कट्टा व दो कारतूस, बाइक और लगभग दो लाख रुपए बरामद कर लिए गए हैं। पकड़े गए बदमाशों में टीटू गुर्जर का अपराधिक रिकॉर्ड है। फिलहाल पुलिस अभी पकड़े गए सभी बदमाशों से पूछताछ में जुट गई है। 
ग्वालियर-मुरैना के बदमाशों ने की थी वारदात
थाटीपुर के श्रीनगर कॉलोनी निवासी आदित्य सिंह अपने भाई की नौकरी लगवाने के लिए डॉ. प्रमोद पहारिया के क्लीनिक पर गया था। वहां उसने देखा कि डॉक्टर के पास धड़ाधड़ मरीज आ रहे हैं। हर दिन वह हजारों रुपए छाप रहा है। इसकी जानकारी उसने अपने साथियों टीपू गुर्जर निवासी माता बसैया मुरैना हाल निवासी आदित्यपुरम, मधुसुदन गुर्जर निवासी आदित्यपुरम और विकास गुर्जर निवासी डीडी नगर को बताई। इसके बाद 19 जुलाई को सभी ने डॉक्टर की रैकी की और 20 जुलाई को अपहरण की वारदात को अंजाम दिया गया।
इस मामले में पुलिस को सफलता अपहरण होने वाले डॉक्टर के पिता की मदद से मिली है। जो बदमाश फिरौती की रकम लेने के लिए गया था डॉक्टर के पिता ने अपने मोबाइल में उसका फोटो खींच लिया था। यही फोटो मिलने के बाद पुलिस को बदमाशों का सुराग लगा और पुलिस चारों बदमाशों तक पहुंची।
इस मामले में एसएसपी ग्वालियर राजेश सिंह चंदेल ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ की जा रही है कहीं और किसी अपराध में उनका हाथ तो नहीं है।