भगवान लक्ष्मीनारायण का 71 किलो ठंडाई से अभिषेक किया

Jul 25 2023

ग्वालियर। जनकगंज स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर में पुरुषोत्तम मास के उपलक्ष्य में श्रीगुरु परंपरा महोत्सव मनाया जा रहा है। इस महोत्सव के आठवें दिन मंगलवार को पुरुषोत्तम विनायक चतुर्थी पर भगवान लक्ष्मीनारायण का 71 किलो शीतल ठंडाई से अभिषेक किया गया। मंदिर एवं भक्तों द्वारा अपने-अपने घर से लेकर आई ठंडाई को बर्तन में एकत्रित किया, तदुपरांत मंदिर के पुजारी छोटे महाराज राघवेश लव्हाटे और आचार्य ने मंत्र उच्चारण के साथ भगवान लक्ष्मीनारायण का अभिषेक किया। व्यवस्थापक संजय लव्हाटे ने अभिषेक के बाद भगवान को नए वस्त्र पहनाए। इसके बाद आरती की। आरती के पश्चात भक्तों को प्रसाद के रूप में ठंडाई का वितरण किया गया। 11 बजे पुरुषोत्तम मास के महात्म की कथा कही। शाम को महिलाओं द्वारा सत्संग किया गया। 
इसी क्रम में आज बुधवार को आम के पना से प्रभु श्री का अभिषेक प्रात: 8.30 से 9.30 बजे तक किया जाएगा। 29 जुलाई तक प्रतिदिन भगवान लक्ष्मीनारायण का अभिषेक क्रमश: शीतल पेय, गन्ने का रस, ठंडाई, आम का पना आदि से किया जाएगा। इस अवसर पर सैकड़ों भक्तों ने मंदिर पहुंचकर भगवान की पूजा अर्चना कर परिवार की सुख समृद्धि की कामना की।