मेडिकल छात्रा संदिग्ध हालात में छत से गिरकर घायल

Jul 25 2023

ग्वालियर। बीएचएमएस (बेचलर ऑफ होम्योपैथी मेडिसिन एंड सर्जरी) की एक छात्रा संदिग्ध हालात में एक मंजिल की छत से नीचे गिरी है। छात्रा को तत्काल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। घटना मंगलवार की बलवंत नगर विश्वविद्यालय इलाके की है। छात्रा फिलहाल खतरे से बाहर है। असल में एक लडक़ा छात्रा का मोबाइल छीनकर भागा था जिसके पीछे भागते समय वह हादसे का शिकार हुई। छात्रा कभी उसे मुंहबोला भाई बता रही है तो कभी दोस्त। विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
उत्तराखंड की रहने वाली 25 वर्षीय भारती पुत्री सुरेन्द्र सिंह ग्वालियर में बीएचएमएस की पढ़ाई कर रही हैं। वह सोफिया कॉलेज की छात्रा है और सिटी सेंटर के पास बलवंत नगर में किराए पर रहती है। मंगलवार को वह घर की एक मंजिल ऊंची छत पर बैठी थी। तभी वहां एक लडक़ा आया और छात्रा का मोबाइल छीन लिया। इसके बाद छात्रा ने उससे अपना मोबाइल वापस लाने के लिए दौड़ लगा दी। इसी समय वह हादसे का शिकार हो गई। हालांकि घटना के संबंध में पुलिस को यह सूचना मिली थी कि एक छात्रा पहली मंजिल से कूद गई है। पुलिस ने घायल छात्रा को मुरार जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। छात्रा के हाथ में फैक्चर के साथ ही शरीर में कई जगह चोट है।
छात्रा के घर में आकर मोबाइल छीनने वाले के संबंध में छात्रा अलग-अलग बयान दे रही है। पहले उसे दोस्त बताया था फिर अस्पताल पहुंची तो उसको मुंह बोला भाई बताने लगी। जब पुलिस ने यह पूछा कि उस लडक़े ने उसका मोबाइल क्यों छीना तो इस पर छात्रा कुछ नहीं बोल रही है। पुलिस इस संबंध में उस लडक़े की तलाश कर रही है।
इस मामले में सीएसपी विश्वविद्यालय रत्नेश सिंह तोमर का कहना है कि एक छात्रा छत से नीचे गिरी है। अभी वह घायल है इसलिए उसे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। उससे पूछताछ की जाएगी कि पूरा माजरा क्या है।