चाबी बनाने आए, नगदी-गहने समेट ले गए बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के पंचशील नगर की घटना फोटो- ग्वालियर। एक बार फिर से शहर में चाबी बनाने के नाम पर चोरी करने वाले गिरोह के सरदारों ने अपनी आमद दी है। शातिर बदमाश रिटायर्ड कर्मचारी के घर से जेवर व नगदी साफ कर गए। घटना बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के शब्द प्रताप आश्रम के पास पंचशील नगर की है। घटना का शिकार पीडि़त थाने पहुंचे और शिकायत की। पुलिस ने उनकी शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के पंचशील नगर शब्द प्रताप आश्रम निवासी मुन्नी देवी बाथम पत्नी सीताराम बाथम ने बताया कि उनके पति माधव डिस्पेंसरी से रिटायर्ड कर्मचारी है और बीते रोज उनके घर के बाहर से चाबी ठीक कराने के लिए आवाज आई तो वह बाहर आई, क्योंकि उनका एक ताला खराब था। चाबी बनाने वाले दो सरदार थे। उनसे बातचीत करने के बाद पचास रुपए में चाबी बनाने का सौदा तय हुआ और उन्हें अंदर बुला लिया। मांगी गोदरेज की चाबी कुछ देर ताले को देखने के बाद उन्होंने अलमारी की चाबी मांगी तो उन्होंने अलमारी की चाबी लोकर उन्हें दे दी। कुछ देर चाबी से प्रयास करने के बाद उस पर हथौड़ा चलाया तो वह टेड़ी हो गई। जब वह उन पर नाराज हुई तो उन्होंने चाबी सुधारने का वादा किया और अलमारी के पास ले जाने को बोला, जब वह अलमारी के पास पहुंचते ही उसने चाबी लगाकर लॉक खोलने का प्रयास किया, इसके बाद उन्होंने उससे पानी मंगाया और जब वह पानी लेकर आई तो वह अगले दिन चाबी दूसरी लाकर ठीक करने का वादा कर चले गए। जब उन्होंने दूसरी चाबी से अलमारी खोलने का प्रयास किया, तो अलमारी नहीं खुली, काफी प्रयास के बाद अलमारी खुली तो पता चला कि उसमेें रखे नगदी व सोने का हार, कानों के टॉप्स, अंगूठी, व चांदी के जेवर गायब है। इसका पता चलते ही पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया। सीसीटीवी फुटेज से तलाश पुलिस ने पास लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए तो दोनों आरोपियों के फुटेज मिले है। पुलिस ने फुटेज के आधार पर संदेहियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अफसरों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा

Jul 24 2023