डॉ गोविंद सिंह सिंधिया पर लगाये आरोपों के लिए माफी मांगे: अशोक चौधरी

Jul 23 2023

ग्वालियर। भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति के विशेष आमंत्रित सदस्य अशोक चौधरी ने रविवार को मध्यप्रदेश विधानसभा मे नेता प्रतिपक्ष एवं लहार से विधायक डॉ गोविंद सिंह पर विगत दिवस कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की सभा में सिंधिया परिवार पर लगाये गये आरोपों पर माफी मांगने को कहा है। उन्होंने कहा कि यदि उन्होंने चुनाव से पहले तक माफी नहीं मांगी तो वह न्यायालय का दरवाजा खटखटायेंगे।
प्रदेश कार्यसमिति के विशेष आमंत्रित सदस्य अशोक चौधरी ने रविवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुये कहा कि गोविंद सिंह ने सच्चे जनसेवक सिंधिया परिवार पर झूठे आरोप लगाये हैं। चौधरी ने कहा कि गोविंद सिंह ने स्वयं कभी भी ग्वालियर चंबल के विकास के लिए एक सींक तक नहीं रखी। वह आज निष्ठा और ईमानदारी का पाठ पढा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गोविंद सिंह राजनीति में आने के बाद से अपने पद, प्रतिष्ठा और दबदबे का इस्तेमाल अपने परिवार और इर्द गिर्द रहने वाली चौकडी को फायदा पहुंचाने में जुटे हैं ऐसे लोग सिंधिया परिवार पर आधारहीन आरोप लगा रहे हैं। चौधरी ने कहा कि डॉ गोविंद सिंह स्वयं भय, आतंक व भ्रष्टाचार का पर्याय है। चौधरी ने कहा कि वह स्वयं अपने चुनाव क्षेत्र में मैनेज कर वोटों की लूट करवाते हैं। प्रत्येक चुनाव में चुनाव आयोग कई बूथों पर री पोलिंग तक कराता है, यह प्रमाण है।
सिंधिया परिवार पर गददारी करने का आरोप लगाने वाले डॉ गोविंद सिंह स्वयं कई दल छोड कर कांग्रेस में शामिल हुये हैं। वह स्वयं लोक दल, जनता पार्टी, जनता दल सहित कई दलों का सैर सपाटा कर चुके हैं। और अब कांग्रेस में रहकर कांग्रेस की जडें खोदने में लगे हैं। चौधरी ने कहा कि सिंधिया परिवार ने बहुत कुछ गलत होने पर ही किसी भी पार्टी को छोडा है। अशोक चौधरी ने कहा कि आगामी 2023 के होने वाले चुनावों में गोविंद सिंह की हालत पतली है इसलिए वह ऐन केन प्रकारेण भाजपा में आने का प्रयास कर रहे हैं। एक प्रश्न के उत्तर में अशोक चौधरी ने कहा कि वह जब किसी मामले मेंं फंसते हैं तो कभी मप्र के गृहमंत्री के घर पहुंच जाते हैं या कभी अन्य वरिष्ठ भाजपा नेता के घर जाकर मामले को मैनेज करने का प्रयास करते हैं। अशोक चौधरी ने आरोप लगाया िकवह स्वयं अपने भाई को दो अलग अलग नामों से रामेन्द्र सिंह जनपद पंचायत में सदस्य बना चुके हैं वहीं उसी समय उन्हें दुग्ध संघ का अध्यक्ष भी रविन्द्र नाम से बनाया है।
अशोक चौधरी ने कहा कि आज गोविंद सिंह के पास इतनी संपत्ति कहां से आई इसकी जांच होनी चाहिये। उन्होंने कहा कि नारदा ट्रस्ट और समता ट्रस्ट सहित ग्वालियर मुंबई में कितनी संपत्ति है इसकी भी जांच होना चाहिये। उन्होंने कहा कि सिंधिया तो महाराज थे उनके पास पहले से ही संपत्ति थी। अशोक चौधरी ने कहा कि यदि डॉ गोविंद सिंह ने माफी नहीं मांगी तो वह न्यायालय में जायेंगे। पत्रकार वार्ता में श्याम सिंह चौहान तथा कौशल तिवारी भी मौजूद थे।