पुरानी रंजिश पर खूनी संघर्ष में 1 की मौत, 7 घायल

Jul 23 2023

ग्वालियर। पुरानी रंजिश पर बीती रात दो गुटों में खूनी संघर्ष हो गया। जिसमें एक अधेड़ की मौत हो गई और दोनों पक्षों के सात लोग घायल हैं। घटना बिजौली थाना क्षेत्र के पारसेन स्थित आदिवासी का पुरा में गत देर रात करीब बारह बजे की है। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालकर घायलों को उपचार के लिए भर्ती कराया। पुलिस ने मृतक का शव पीएम हाउस भेजकर आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। 
बिजौली थाना क्षेत्र के पारसेन स्थित आदिवासी पुरा निवासी 52 वर्षीय घनश्याम पुत्र मल्लारा आदिवासी अपने परिवार के साथ रहता है। बीती रात सायं सात बजे जब वह खाना खा रहे थे तो उनका विवाद पास ही रहने वाले रामसेवक से हो गया। विवाद बढ़ा तो रामसेवक ने अशोक, शिवराज, करू उर्फ राकेश को बुला लिया। विवाद आगे बढ़ता देख आस-पास के लोगों ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराया और दोनों पक्ष खाना खाकर सो गए। 
रात करीब साढ़े 11 बजे अशोक और शिवराज ने अपने साथी वीरू और चिंकू को बुला लिया और जब घनश्याम अपने घर के बाहर सो रहा था, तो आरोपियों ने हमला बोल दिया। हमला होते देखकर पास ही सो रहा घनश्याम का बेटा साभाराम, पत्नी मुन्नी बाई उसे बचाने आई तो हमलावरों ने उनकी भी मारपीट कर दी। हमले से बचने के लिए घनश्याम के परिजनों ने भी लाठी और लुहांगी निकाली और उनसे भिड़ गए। देखते ही देखते यहां से चीख-पुकार की आवाजें गूंजने लगी। लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास कराया, लेकिन वह नहीं माने तो पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला और घायल हुए लोगों को पुलिस वाहन और एंबुलेंस की मदद से मुरार अस्पताल पहुंचाया। जहां पर डॉक्टरों ने घनश्याम को मृत घोषित कर दिया। 
दोनों तरफ से हुए हमले में मुन्नी बाई, साभाराम, मुन्नी बाई की बहन, राकेश, रामसेवक, गुडिय़ा और शीला बाई घायल हो गई हैं, जिन्हें उपचार के लिए भर्ती करा दिया हंै। घनश्याम की मौत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या व अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। 
गांव में तनाव का माहौल
घटना में मृतक और हमलावर एक ही गांव आदिवासी का पुरा में आसपास ही रहते है। इस घटना के बाद पूरा गांव दो खेमों में बंट गया है। पता तो ऐसा भी लगा है कि किसी महिला के विवाद के बाद यह पूरा फसाद हुआ है। घटना के बाद से गांव में तनाव है। फिर झगड़ा न हो इसके लिए पुलिस फोर्स तैनात किया गया है।
इस मामले में बिजौली थाना प्रभारी साधना सिंह का कहना है कि आदिवासी का पुरा में दो पक्षा में झगड़ा हुआ है। जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई है। कुछ लोग घायल हैं। घायलों का इलाज करवाया जा रहा है और हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।