बस से खींचकर युवक को सडक़ पर लाठियों से पीटा, वीडियो वायरल

Jul 22 2023

ग्वालियर। ग्वालियर में दिनदहाड़े बीच सडक़ पर गुंडा गर्दी का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। चार बाइक पर सवार गुंडे एक युवक को बस में से खींचकर बाहर लाते हैं। इसके बाद उसे बीच सडक़ पर लाठिया से पीटते हैं, लात घूँसे तब तक मारते हैं जब तक वह बेहोश नहीं हो जाता। यह घटना एक बार फिर शहर की सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है। जहां यह गुंडई की जा रही थी, हाई अलर्ट के चलते भारी फोर्स लगा था क्योंकि कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ग्वालियर आई थीं। बीच बाजार गुंडागर्दी की इस घटना के बाद भी पुलिस इन गुंडों को नहीं रोक पाई, मूक दर्शक बन पुलिस यहां खड़ी रही। इस घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर बहु प्रसारित हुआ है।
जिस युवक के साथ मारपीट की जा रही है पहले उसे पकडऩे के लिए हमलावर दौड़े। वह कांग्रेस की आम सभा में से शामिल होकर लौट रहे लोगों की बस में चढ़ा गया। इसके बाद हमलावर बस में से उसे खींच लाए और सडक़ पर लाठियों से पीटा। पीछे चल रही एक कार में सवार युवक ने यह वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया और इंटरनेट मीडिया पर अपलोड कर दिया। प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया है कि जिस युवक के साथ मारपीट की जा रही है वह मेला ग्राउंड में डेरे में रहता है। इन लोगों के आपसी विवाद के चलते यह घटना हुई है। लेकिन पुलिस के सामने यह घटना होती रही यहां चेकिंग पॉइंट लगा था, फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।