दो बैटरी चोर पकड़े, ई-रिक्शा की आठ बैटरी बरामद

Jul 21 2023

ग्वालियर। डबरा पुलिस ने दो बैटरी चोरों को पकड़ा है। वह ई रिक्शा में से बैटरी चुराते थे और फरार हो जाते थे। पुलिस पिछले एक माह से इनके पीछे लगी हुई थी। इनमें से एक को दतिया तो दूसरे को डबरा की अयोध्या कॉलोनी से गिरफ्तार किया है। इनसे 8 बैटरी बरामद की है। आपको बता दें कि डबरा नगर में लगातार ई रिक्शा से बैटरी चोरी होने की शिकायतें पुलिस को मिल रही थी। बीती 16 जून को भी ई रिक्शा में से बैटरी चोरी होने की रिपोर्ट लिखी गई थी।
थाना प्रभारी केपी यादव ने लगातार हो रही चोरियों पर अंकुश लगाने के लिए प्रधान आरक्षक रामबरन लोधी को जिम्मेदारी सौंपी। जिन्होंने लगातार सीसीटीवी देखना प्रारंभ किए तो कुछ इनपुट हाथ लगे। लोगों से पूछताछ की गई तो कड़ी से कड़ी मिलती चली गई और प्रधान आरक्षक लोधी ने पहले डबरा की अयोध्या कॉलोनी से एक चोर को पकड़ा तो उसने अपने दूसरे साथी की जानकारी दे दी। जिसे पुलिस ने दतिया जिले के बड़ौनकला से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने 8 बैटरी बरामद की हैं। यह सारी बैटरी चोरों ने ई रिक्शों में से चुराई थीं। 
चोरों ने पुलिस को बताया कि वह पहले रेकी करते थे। फिर देख लेते थे कि कौन सा ई-रिक्शा आउटर इलाके में है और उसी की बेटियां चोरी कर कर गायब हो जाते थे। पुलिस ने मामले में दोनों चोरों के खिलाफ अपराध दर्ज कर ई रिक्शा चालकों को उनकी बैटरी वापस दी हैं। 
इस मामले में थाना प्रभारी केपी यादव का कहना है कि 2 बैटरी चोर मिले हैं। जिनमें एक डबरा का तो दूसरा दतिया जिले का निवासी है। इनसे 8 चोरी की बैटरियां बरामद हुई हैं। जो इन्होंने ई रिक्शा से चुराई थीं। आगे इन चोरों से भी पूछताछ जारी है।