मणिपुर के बयान पर पीएम मोदी ने राजनीति घोल दी, सिंधिया ने तो राजनीति की दिशा बदल दी:प्रियंका गांधी
Jul 21 2023
ग्वालियर। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी जन आक्रोश महारैली में शामिल होने शुक्रवार सुबह ग्वालियर पहुंचीं। एयरपोर्ट पर उनका पूर्व सीएम कमलनाथ और नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह ने स्वागत किया। प्रियंका गांधी वाड्रा ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के गढ़ ग्वालियर में जन आक्रोश महारैली के जरिए चुनावी अभियान का आगाज किया।
ग्वालियर के मेला ग्राउंड पर शुक्रवार को जनसभा में प्रियंका ने बृज भाषा में संबोधन शुरू किया। कहा- सब भैया-बहनन आपको हमारी राम-राम। उन्होंने मध्यप्रदेश की जनता के लिए 6 गारंटी भी दी। साथ ही भ्रष्टाचार के मुद्दे पर शिवराज सरकार को घेरा। कहा- महाकाल लोक का जिक्र करते हुए यहां की सरकार ने भ्रष्टाचार में भगवान को भी नहीं छोड़ा।
राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका ने कहा मणिपुर में 77 दिन से हिंसा हो रही है। भयावह अत्याचार हो रहा है। और हमारे प्रधानमंत्री ने 77 दिन में इस पर कोई बयान ही नहीं दिया। अब एक भयावह वीडियो सामने आने के बाद मजबूरी में एक बयान दिया। इसमें एक वाक्य बोला और उसमें भी राजनीति घोल दी। उसमें उन प्रदेशों का नाम लिया जिनमें विपक्ष की सरकार है। हमारे देश की परंपरा रही है कि हम नेताओं में सरलता, सभ्यता और सच्चाई ढूंढते हैं। हम चाहते हैं हमारे नेता में ऐसे गुण हों। आरोप-प्रत्यारोप, एक-दूसरे की बुराई के बीच जनता के असली मुद्दे डूब जाते हैं। आजकल अहंकार की राजनीति चलती है। मैं यूपी गई तो मुझसे कहा- दीदी बड़ी गाड़ी में बैठो। मैंने पूछा क्यों- तो उन्होंने कहा भौकाल दिखना चाहिए। आजकल भौकाल की राजनीति है।
बिहार में विपक्षी दलों की बैठक के बाद पीएम ने एक बयान में कहा- जितने भी विपक्ष की पार्टियां हैं, सबको चोर बोल डाला। इतनी बड़ी पार्टियां और उनके नेता जनता के मुद्दे उठाकर आगे बढ़े उनका अपमान प्रधानमंत्री ने किया।
मैं पीएम, शिवराज और सिंधिया के बारे में 10-10 मिनट बोली सकती हूं। सिंधिया के बारे में भी 10 मिनट बोल सकती हूं, कि किस तरह राजनीति की दिशा बदल दी। लेकिन मैं ध्यान भटकाने नहीं आई हूं। महंगाई है। मैं टमाटर की बात नहीं कर रही हूं। वो तो 100 रुपए का है ही। आपको घर की मरम्मत कराना, बच्चों की फीस देना, छाता खरीदना महंगा हो गया है। आपके जीवन पर बोझ बन गई है ये महंगाई। ये आपके जीवन का मामला है। सिर्फ टमाटर का मामला नहीं। सबसे बड़ा बोझ महिलाओं पर है। आज रसोई के लिए सिलेंडर तो मिला लेकिन गैस नहीं भरी जा रही है। कोई बीमार हो जाए तो घबराहट होती है, दवाएं कहां से खरीदकर लाऊं, क्योंकि महंगाई इतनी है।
ऐसी सरकार बनाए जो न खरीदी जा सके, न गिराई जा सके
प्रियंका ने वादे करते हुए कहा कि हमारी जहां-जहां सरकारें हैं, वहां जो गारंटी दी वो निभाई जा रही हैं। राजस्थान, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश में पुरानी पेंशन स्कीम लागू है। जब आप नौकरी के लिए जाते हैं तो सरकार कहती है, पेंशन नहीं मिलेगी। लेकिन कांग्रेस सरकार वाले राज्यों में है। छग में 2600 रुपए आपको धान के लिए मिलते हैं। कर्नाटक में कहा था- बस में महिलाएं फ्री यात्रा करेंगी। वहां ये लागू है। मप्र में भी बदलाव की लहर है। एक ऐसी मजबूत सरकार बनाइए जो न खरीदी जा सके, न गिराई जा सके। जो आपके भविष्य को मजबूत बनाए। कमलनाथ से कहा- आपकी सरकार बनेगी तो आप दिव्यांगों की पेंशन बढ़ाना। अभी दिव्यांगों ने बताया कि उनकी पेंशन 600 रुपए है।
प्रियंका ने सभा के आखिरी में भी ब्रज भाषा में बात की। कहा- मामा की भ्रष्ट सरकार बदलवे वाले है न। एक बार हमारे संगे जोर से बोलो- भाजपा जाएवे बारी है, कांग्रेस आएवे बारी है।
आप ईमानदार सरकार चाहते हो तो इस सरकार को हटाकर ऐसी सरकार चाहते हैं जो रोजगार दे, अत्याचार खत्म करे। मैंने यूपी में एक युवाओं से पूछा- तुम्हें राशन की बोरी चाहिए या रोजगार चाहिए। सभी ने कहा- रोजगार चाहिए। हम अपने पैरों पर खड़े होकर खुद कमाना चाहते हैं। इस सरकार ने आपको निर्भर बनाने का काम किया है। आपको राशन और फालतू की स्कीम पर निर्भर करेंगे, लेकिन रोजगार नहीं देंगे।
प्रदेश के घोटाले गिनाए
प्रियंका ने पटवारी घोटाले पर कहा मां-बाप रुपए खर्च करके ट्यूशन कराते हैं। आज देखिए पटवारी भर्ती घोटाले में क्या हो गया। शर्म की बात है पिछले तीन साल में मात्र तीन सरकारी नौकरियां दी गई हैं। 18 साल से इनकी सरकार है। चुनाव से पहले ये कहने का क्या फायदा कि युवाओं और महिलाओं को क्या देंगे। इतने सालों में तो दिया नहीं। ये सच्चाई है।
जिस तरह घोटाले पर घोटाले हो रहे हैं, इतनी लंबी लिस्ट है इसकी। मैं लिस्ट बाद में बताऊंगी। इन्होंने कुछ नहीं छोड़ा। महाकाल में भगवान की मूर्ति तक नहीं छोड़ी। ये पैसों से खरीदी हुई सरकार है।18 साल की सरकार है तो अहंकार होता ही है। नेताओं की आदतें भी खराब हो जाती है कि सरकार अपने ही पास है और रहेगी तो काम करने की क्या जरूरत है। जनता चुनाव तक सब भूल जाएगी और फिर से हमें वोट मिल जाएगा। आज मप्र में यही परिस्थितियां हैं। सत्ता की वजह से अहंकार और आलस है। सत्ता का स्वभाव है कि वो भी इंसान की असलियत उभार देती है। आप सत्ता को नेक इंसान के हाथ में दो वो भलाई करेगा। आप गलत आदमी के हाथ में दोगे तो इसी तरह की लूट मचेगी।
एमपी के लिए प्रियंका गांधी के 6 वादे
पुरानी पेंशन लागू करेंगे। महिलाओं के खाते में हर महीने 1500 रुपए। गैस सिलेंडर 500 रुपए में मिलेगा। 100 यूनिट बिजली फ्री मिलेगी। 200 यूनिट पर बिल आधा किया जाएगा। किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा। दिव्यांगों की पेंशन बढ़ाई जाएगी
शिवराज झूठ और घोटाले की मशीन हैं-कमलनाथ
पीसीसी चीफ और पूर्व सीएम कमलनाथ ने सभा में कहा- ग्वालियर चंबल के लोग अन्याय नहीं सहते। अन्याय पर पलटवार करते हैं। आज प्रदेश का हर वर्ग आक्रोशित है। मैं महाराजा नहीं हूं। शिवराज सिंह कहते हैं, मैं मामा हूं। मैं मामा नहीं हूं। शिवराज कहते हैं मैं किसान का बेटा हूं, मैं किसान नहीं साधारण परिवार का बेटा हूं।
भाजपा सरकार ने मप्र की राजधानी को झूठ की राजधानी बनाया है। किसानों, माताओं-बहनों, नर्मदा और आदिवासियों को झूठ बोला। दलितों को झूठ बोला। गोमाता को भी झूठ बोला। शिवराज ने 18 साल में झूठ का पहाड़ खड़ा कर दिया। शिवराज झूठ और घोटाले की मशीन है। घोषणाओं की मशीन है। चुनाव में 4 महीने बचे हैं। ये मशीन दोगुनी गति से चल रही है।
जब हमारी सरकार बनी। हमें बेरोजगारी और महिलाओं पर अत्याचार वाला प्रदेश सौंपा था। हमने 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया। 100 रुपए में 100 यूनिट बिजली दी। गोशालाएं बनाईं तो कौन सा पाप किया। आज चुनाव 4 महीने दूर हैं, शिवराज को बहनें, नौजवान और किसान याद आ रहे हैं। शिवराज सिंह ने 18 साल में बेरोजगारी दी। कोरोना की मौतें दी। महाकाल का घोटाला दिया। मप्र में 2500 घोटाले हुए। ये इनकी देन है। शिवराज ने घर-घर में शराब भी दी। ये उनकी उपलब्धि है। हमें मप्र और नौजवानों का भविष्य सुरक्षित रखना है।
नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह ने कहा गद्दारी का इतिहास दोहराया जा रहा है। एक घराने ने रानी लक्ष्मीबाई का साथ दिया होता तो आजादी पहले ही मिल जाती। 166 साल बाद फिर गद्दारी का इतिहास दोहराया और प्रदेश की कांग्रेस सरकार गिरा दी। चार बार इस खानदान का गद्दारी का इतिहास रहा है। अपनी संपत्ति और व्यापार धंधे बचाने के लिए उसी व्यक्ति ने कांग्रेस गद्दारी की। गोविंद सिंह ने कहा- 20 हजार करोड़ से ज्यादा की संपत्तियां एक परिवार ने हड़प ली। भाजपा के लोगों ने जमीनें हड़पी। शिवराज कुर्सी पकड़ मुख्यमंत्री हैं।
प्रियंका गांधी की सभा को लेकर शहर पोस्टर लगाए गए हैं। इन पर सुभद्रा कुमारी चौहान की बुंदेले हर बोलो के मुंह हमने सुनी कहानी थी... कविता लिखी है। इसमें कांग्रेस सरकार के तख्तापलट का जिक्र भी किया है। ये पुलिस ने हटवा दिए थे, तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोबारा लगा दिया।
तीन स्तरीय सुरक्षा में रहीं प्रियंका
ग्वालियर प्रवास के दौरान प्रियंका गांधी तीन स्तरीय सुरक्षा में थी। पुलिस और प्रशासन जानता है कि गांधी परिवार के सदस्य कभी भी सुरक्षा घेरा तोडक़र आम जनता के बीच पहुंच जाते हैं, इसलिए एयरपोर्ट से लेकर मंच तक वे ट्रिपल लेयर सिक्योरिटी थी। यहां कोई भी आमजन उन तक नहीं पहुंच पाया।
एयरपोर्ट पर कमलनाथ-दिग्विजय ने किया स्वागत
प्रियंका गांधी का ग्वालियर एयरपोर्ट पर पूर्व सीएम कमलनाथ और दिग्विजय सिंह ने स्वागत किया। वे वीरांगना लक्ष्मीबाई समाधि के बाद मेला ग्राउंड स्थित सभा स्थल जाएंगी। यहां एक घंटे रहने के बाद वापस दिल्ली के लिए रवाना होंगी।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध किया
ग्वालियर में प्रियंका का भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध भी किया। उन्होंने पूछा राजस्थान में मासूम बेटियों के बलात्कार कब रुकेंगे? भाजपा कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर प्रियंका पर पर्चे भी फेंके।
संपादक
Rajesh Jaiswal
9425401405
rajeshgwl9@gmail.com
MP Info News
Invalid RSS feed URL.
ब्रेकिंग न्यूज़
विज़िटर संख्या
अन्य ख़बरें
-
-
-
*हेमू कालानी जन्मोत्सव मिष्ठान वितरण कर बनाया* *
—03/23/2019 -









