क्राइम ब्रांच ने 3 लाख के गांजे के साथ दो तस्कर पकड़े

Jul 20 2023

ग्वालियर। क्राइम ब्रांच की टीम ने मुखबिर की सूचना पर गांजे की खेप लेकर आए दो तस्करों को कैंसर पहाड़ी से पकड़ा है। पकड़े गए तस्करों से पुलिस ने 30 किलो 800 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत 3 लाख रुपए से ज्यादा बताई गई है। फिलहाल पुलिस ने पकड़े गए तस्करों के खिलाफ नारकोटिक्स अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसके साथ इस रैकेट में और कौन-कौन लोग शामिल है इसके बारे में पूछताछ शुरू कर दी है।
डीएसपी क्राइम शियाज केएम ने बताया कि सूचना मिली थी कि दो तस्कर गांजे की खेप लेकर कैंसर पहाडिया पर आने वाले हैं। सूचना मिलते ही एसआई शिशिर तिवारी के नेतृत्व में एक टीम बनाकर सूचना की तस्दीक व कार्रवाई के लिए रवाना किया, पुलिस टीम जब कैंसर पहाड़ी पहुंची तो दो युवक ट्रॉली बैग व पि_ू बैग लेकर जाते दिखे। जिन्हें रोकने का प्रयास किया तो वह अपना सामान छोडक़र जाने लगे। 
शंका होते ही पुलिस ने संदेहियों का पीछा किया और कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया। पुलिस ने पूछताछ की तो उनकी पहचान अभिषेक वर्मा पुत्र विजय कुमार वर्मा निवासी सिमको लाइन बिरला नगर, तुषार तोमर पुत्र राजेन्द्र सिंह तोमर निवासी लाइन नंबर 2 श्याम बाबा मंदिर के पास बिरला नगर में रहने वालों के रूप में हुई है। 
पकड़े गए तस्करों ने पुलिस को बताया है कि वह छत्तीसगढ़ से गांजा खरीदकर बेचने के लिए लाया करते थे। इससे पहले भी वह कई बार गांजा लाकर ग्राहकों को बेच चुके है क्योंकि 1 किलो गांजे पर उन्हें 5 हजार रुपये का मुनाफा मिलता है। इसलिए वह गांजा खरीद कर लाते है क्योंकि उनकी अच्छी जान पहचान है इसलिए गांजा बड़ी आसानी से मिल जाता है और वह गांजे की छोटी-छोटी पुडिय़ा बनाकर ग्राहकों को बेचते थे जिससे उनको अच्छा मुनाफा कमाने को मिलता था।
दोनों तस्करों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ करने पर पकड़े गए तस्करों से कई और अहम जानकारियां हाता सकती हैं।