दक्षिण एक्सप्रेस में बम की सूचना पर मचा हडक़ंप, ग्वालियर में तलाशी के बाद कुछ नहीं मिलने पर ली राहत की सांस

Jul 20 2023

ग्वालियर। रेलवे स्टेशन पर गत रात एक बजे महिला के द्वारा किए गए कॉल से उस वक्त हडक़ंप मच गया, जब जिला पुलिस, आरपीएफ और जीआरपी पुलिस ने स्टेशन को चारों तरफ से घेर लिया। कारण था कंट्रोल रूम को एक कॉल आया था। जिसमें एक महिला ने दक्षिण एक्सप्रेस में बम होने की सूचना दी थी। बम का पता चलते ही स्टेशन पर दहशत का माहौल बन गया। सबसे ज्यादा डर उन यात्रियों को था जो दक्षिण एक्सप्रेस से जाने वाले थे। राहत की बात यह थी कि ग्वालियर आने से पहले ट्रेन की आगरा स्टेशन पर दो घंटे तलाशी ली गई। इसके बाद जैसे ही ट्रेन ग्वालियर स्टेशन पर आई यहां उतरने वाले यात्रियों के नीचे आते ही पुलिस और बीडीएस की टीम कोचों में पहुंची और बारीकी से तलाशी ली।
गत देर रात एक बजे से सुबह के पांच बजे तक स्टेशन पर पुलिस ही पुलिस नजर आ रही थी। कारण था कि आरपीएफ, जीआरपी के साथ ही जिला पुलिस और बीडीएस के जवान ट्रेन के आने से कई घंटे पहले स्टेशन पर जा पहुंचे और एहतियात के चलते ट्रेन के आने से पहले स्टेशन की तलाशी शुरू कर दी। करीब दो घंटे की तलाशी में पुलिस और बीडीएस की टीमों ने पूरा स्टेशन अच्छी तरह से सर्च कर लिया, लेकिन कहीं पर भी संदिग्ध बस्तू या डिवाइस नहीं मिली।
गत रात करीब बारह बजे रेलवे कंट्रोल रूम को एक महिला का कॉल आता है और महिला बताती है कि उसके पास किसी युवक का कॉल आया था और उसने बताया कि दक्षिण एक्सप्रेस में बम है और इसका पता चलते ही महिला ने इसकी सूचना रेलवे कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलते ही मथुरा और आगरा के साथ ही ग्वालियर को अलर्ट किया गया, लेकिन पता चला कि उस समय ट्रेन मथुरा क्रॉस कर चुकी है। इसका पता चलते ही आगरा पर बीडीएस के साथ ही पुलिस टीम पहुंची और दो घंटे सर्चिंग की, लेकिन यहां पर कुछ भी हाथ नहीं मिला तो ट्रेन को ग्वालियर रवाना किया गया। जिसके बाद ग्वालियर में ट्रेन की तलाशी हुई।
इससे पहले कर्नाटका एक्सप्रेस को उड़ाने की मिली थी धमकी
एक साल पहले अगस्त माह में एक धमकी भरा पत्र रेलवे स्टेशन के बाथरूम में मिला था, जिसमें कर्नाटक एक्सप्रेस को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। उस समय भी पुलिस और बीडीएस की टीमों ने सर्चिंग की थी, लेकिन कहीं भी बम नहीं मिला था।
इस मामले में पड़ाव थाना प्रभारी पीएस यादव ने बताया बम की सूचना कॉल से मिली थी। जिसके बाद जिला पुलिस, आरपीएफ, जीआरपी व बीडीएस की टीमों ने रेलवे स्टेशन व दक्षिण एक्सप्रेस में तलाशी अभियान चलाया था। कोई भी संदिग्ध सामान नहीं मिला है। जिसके बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया।