भाजपा के राज में हो रहा जमकर भ्रष्टाचार: कांग्रेस

Jul 19 2023

ग्वालियर। आगामी 21 जुलाई को शहर में प्रियंका गांधी की सभा की तैयारियों और भाजपा पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कांग्रेस नेताओं ने पत्रकारों से चर्चा की। पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के प्रदेश मीडिया प्रभारी केके मिश्रा, अशोक सिंह और जिलाध्यक्ष देवेंद्र शर्मा ने संयुक्त रूप से बताया कि भाजपा के राज में सिफ्र भ्रष्टाचार हो रहा है। पहले देश का सबसे बड़ा व्यापमं घोटाला और अब पटवारी भर्ती परीक्षा में हुए घोटाले ने युवाओं को तोड़ दिया है, उन्हें लगता है कि प्रदेश में सरकारी नौकरी प्राप्त करना कितना मुश्किल है। बिना पहचान व ईमानदारी के युवाओं को प्रदेश में नौकरी नहीं मिल सकती है। 
नेताओं ने बताया कि इन सभी मुद्दों को लेकर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ग्वालियर में 21 जुलाई को सभा करने जा रही हैं। वे सभा के माध्यम से जनता को बताएंगी कि किस तरह से भाजपा के राज में जनता के साथ छलावा किया जा रहा है। वे भाजपा सरकार द्वारा प्रदेश में किए जा रहे भ्रष्टाचार को उजागर करेंगी। प्रियंका गांधी के आगमन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई। नेताओं ने बताया कि सभा की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं को सभी जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।