चिराग हत्याकांड के आरोपियों के मकान पर चलाओ बुलडोजर मृतक के परिजनों ने घेरा पुलिस अधीक्षक कार्यालय

Jul 18 2023

ग्वालियर। इंजीनियर चिराग की हत्या करने वाले आरोपी के घर बुलडोजर चलाने और सीडीआर दिखाने आदि मांगों को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर मृतक के परिजनों ने प्रदर्शन किया। पुलिस अधीक्षक ने ज्ञापन लेेकर लोगों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस मौके पर कलचुरि समाज के लोग भी मौजूद थे।
डबरा निवासी चिराग शिवहरे की हत्या करने वाले आरोपी अंश जादौन के घर बुलडोजर चलाने, पुलिस द्वारा सीडीआर नहीं देने और अन्य फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने आदि मांगों को लेकर चिराग के परिजन व कलचुरि समाज के लोग वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेशसिंह चंदेल से मिले। एसपी कार्यालय पर एकत्रित होकर पहुंची चिराग के परिवार की महिलाओं पर में इस बात को लेकर आक्रोश है कि अभी तक चिराग की हत्या करने वाले आरोपी अंश जादौन का मकान क्यों नहीं तोड़ा गया। बता दें मृतक  के परिजन डबरा थाने में भी बीते रोज प्रदर्शन कर चुके हैं। चिराग के परिजनों के एसपी कार्यालय के पहुंचने की सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय थाना प्रभारी मनीष धाकड़ मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराया। बाद में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह चंदेल ने मृतक के परिजनों से ज्ञापन लेकर उनको उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद सभी लोग जिलाधीश कार्यालय पहुंच गए। यहां पर एसडीएम प्रदीप तोमर ने मृतक के परिजनों से ज्ञापन लेकर उनको उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। बता दें चिराग शिवहरे की अंश जादौन सहेली दृष्टि ग्रोवर सहित अन्य ने मिलकर हत्या कर शव को जला दिया था। शव जलाने के बाद उसे नाली में फेंककर आरोपी भाग गए थे। पुलिस ने उक्त मामले में अंश जादौन व दृष्टि को गिरफ्तार कर लिया है जबकि अन्य की तलाश जारी है।