छात्राओं को बदलाव आने पर मां और डॉक्टर से लेना चाहिए परामर्श

Jul 16 2023

ग्वालियर। वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ कुसुमलता सिंघल ने कहा कि किशोरावस्था से युवावस्था में प्रवेश करते समय छात्राओं के शरीर में कुछ बदलाव आते हैं उसी प्रक्रिया में माहवारी भी एक सामान्य प्रक्रिया है। ऐसी स्थिति में छात्राओं को भय, संकोच नहीं करना चाहिए बल्कि अपनी माँ एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ चिकित्सक से समय समय पर उचित परामर्श करते रहना चाहिए।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रकल्प आरोग्य भारती के तत्वावधान में छात्राओं के लिए माहवारी जागरूकता कार्यक्रम में उपस्थित 250 छात्राओं को यह जानकारी दी गई। कार्यक्रम में छात्राओं को माहवारी एवं बेसिक लाईफ सपोर्ट के बारे में महानगर के प्रतिष्ठित वरिष्ठ चिकित्सकों ने महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
आरोग्यभारती द्वारा संभाग स्तर पर छात्राओं के लिए माहवारी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है जिसका प्रारंभ शासकीय गजराराजा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यक्रम संयोजक जेपी शर्मा के धन्वंतरि स्तवन से हुआ। प्राचार्य विभा शर्मा अतिथियों का स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के अतिथि डॉ. राहुल सप्रा ने स्वस्थ जीवन शैली पर प्रकाश डालते हुए कहा हमें अपनी फास्ट ट्रेक जीवन शैली में कुछ समय अपने स्वास्थ्य के लिए अवश्य ही देना चाहिए, स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही हमारे लिए बहुत ही घातक है। डॉक्टर प्रकाश वीर आर्य ने छत्राओं को बेसिक लाईफ सपोर्ट से अवगत कराया। स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागृत करने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक वाष्र्णेय एवं प्रान्त अध्यक्ष डॉ. एस पी बत्रा के मार्गदर्शन में देश भर में अभियान चला रहा है। वरिष्ठ प्राध्यापक भारती शर्मा ने आभार व्यक्त किया।