जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा के कारण जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं पृथ्वी नगर के वाशिंदे

Jul 14 2023

ग्वालियर। शहर के वार्ड क्रमांक 27 में स्थित पृथ्वी नगर कॉलोनी के वाशिंदे इन दिनों जलभराव की वजह से खासे परेशान है। विगत एक साल से यह सडक़ खराब पड़ी है फिर भी नगर निगम और स्थानीय पार्षद इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। पिछले वर्ष भी लोग जलभराव होने पर परेशान होते रहे लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इस वर्ष भी विगत दो तीन दिन से रुक-रुककर हो रही बारिश की वजह से पृथ्वी नगर स्थित भाटी वाली गली में जलभराव हो गया है और सडक़ पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिसकी वजह से स्थानीय निवासियों को आवागमन में खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 
इस संबंध में लोगों ने वार्ड कार्यालय और स्थानीय पार्षद व एमआईसी सदस्य नाथूराम जाटव से गुहार भी लगाई है, लेकिन अभी तक इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि पिछले वर्ष भी पार्षद से भाटी वाली गली की सडक़ को बनवाने की मांग की गई थी, लेकिन पार्षद ने सडक़ बनवाना तो दूर मुरम डालकर कर गड्ढे भी नहीं भरवाए। ऐसे ही हालात इस वर्ष भी हो रहे हैं।
जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा के कारण यहां के वाशिंदे बहुत परेशान हो रहे हैं। रहवासियों का कहना है कि भाटी वाली गली की सडक़ इतनी खराब है कि स्कूल जाने वाले बच्चे प्रतिदिन गिरकर चोटिल हो रहे हैं। स्थानीय पार्षद के पास जब भी रहवासी जाते हैं तो वे आश्वासन तो देते हैं लेकिन सडक़ को दुरुस्त करवाने के लिए कोई कदम नहीं उठा रहे हैं। 
स्थानीय वाशिंदे माखन प्रजापति, भूरे सिंह गुर्जर, मनोज श्रीवास्तव, विनोद श्रीवास्तव सहित सभी ने निगम प्रशासन व पार्षद से इस समस्या के निदान की मांग की है।