अक्षया सिंह की हत्या आरोपी मास्टर माइंड सुमित पुलिस कस्टडी से भागा, वापस पकड़ा, पैर में लगी चोट

Jul 13 2023

ग्वालियर। तीन दिन पहले पूर्व डीजीपी (डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस) सुरेन्द्र सिंह यादव की नातिन की हत्या कर सनसनी फैलाने वाले सभी बदमाश अब पुलिस के हाथ आ गए हैं। हत्या में कुल 7 आरोपियों के नाम सामने आए थे। एक को पुलिस ने गत रात ही डबरा से गिरफ्तार कर लिया था। छह आरोपियों को दिल्ली, राजस्थान व महाराष्ट्र से देर रात गिरफ्तार किया गया है। पुलिस टीमें गुरुवार शाम माधौगंज पहुंची हैं। छात्रा की हत्या का मास्टरमांइड व शातिर बदमाश सुमित को जब पुलिस धुले महाराष्ट्र से लेकर लौट रही थी। रास्ते में उसने बाथरूम जाने गाड़ी रुकवाई और दोड़ लगा दी। हालांकि, पांच मिनट बाद ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया। इस दौरान उसके बाएं पैर के घुटने में चोट लगने से गहरा घाव हो गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी भागने के दौरान कूदते समय पत्थर लगने से घायल हुआ है।
ग्वालियर के सिकंदर कंपू रोड बेटी बचाओं चौराहा के पास सोमवार रात 8 बजे दो बाइक पर सवार होकर आए बदमाशों ने कोचिंग से लौट रहीं दो छात्राओं पर फायरिंग की थी। जिसमें एक गोली सीने पर लगने के कारण 11वीं की छात्रा अक्षया सिंह यादव की मौत हो गई थी। अक्षया के साथ में उसकी सहेली सोनाक्षी शर्मा गाड़ी पर थी। असल में बदमाशों का टारगेट सोनाक्षी ही थी, लेकिन अक्षया की जान चली गई। इस मामले में पुलिस ने जब कार्रवाई की तो मुख्य आरोपी व सरगना 18 साल का सुमित रावत निवासी मुरैना निकला था। इसके साथियों की पहचान शिवम, सूरज, बाला सुर्वे, उपदेश उर्फ मोंटी रावत (सुमित का भाई) सहित सात बदमाशों के रूप में हुई थी। बीते 24 घंटे में पुलिस ने सभी सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
ग्वालियर क्राइम ब्रांच की अलग-अलग टीमों ने बीते 24 घंटे में छात्रा की हत्या में शामिल सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनको ग्वालियर, दिल्ली, राजस्थान व महाराष्ट्र से पकड़ा गया है। पहले पुलिस ने आरोपी सुमित रावत के भाई उपदेश उर्फ मोंटी रावत को डबरा से पकड़ा था। उस पर दस हजार रुपए का इनाम घोषित था। इसके बाद देर रात पुलिस ने राजस्थान, दिल्ली और महाराष्ट्र से सभी छह आरोपियों को पकड़ा है। इसमें दिल्ली से 2, राजस्थान से 1 व महाराष्ट्र के धुले से मास्टर माइंड और 30 हजार इनामी सुमित रावत, सहित तीन बदमाशों को पकड़ा है।
घाटी गांव हाईवे पर पुलिस कस्टड़ी से भागा सुमित, पकड़ा गया
धुले महाराष्ट्र से पकड़े गए तीनों बदमाशों को पुलिस दो गाडिय़ों में लेकर आ रही थी। एक गाड़ी में पुलिस की टीम के साथ बदमाश सूरज व शिवम थे वहीं दूसरी गाड़ी में सुमित रावत अकेला था। पुलिस की टीम गुरुवार दोपहर के बाद 3.30 बजे जब घाटी गांव से पनिहार की तरफ बढ़ रही थी तभी सुमित ने बाथरूम के लिए गाड़ी रोकने के लिए कहा। पुलिस जवानों ने वाहन रोका तो बाथरूम के लिए उतरे सुमित ने दौड़ लगा दी। वह हाईवे से नीचे जंगल की तरह भागने के लिए कूदा तो एक गड्ढे में जा गिरा और नुकीला पत्थर उसके बाएं पैर में घुटने के नीचे घुस गया। जिससे वह घायल हो गया है। पुुलिस ने उसे वापस गिरफ्तार कर तत्काल इलाज के लिए ग्वालियर लाए। अभी उसका जेएएच के ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है।
एक दिन पहले चश्मदीद छात्रा ने एनकाउंटर की मांग की थी
इससे पहले एक दिन पहले ही मृतक छात्रा की सहेली और घटना की चश्मदीद छात्रा सोनाक्षी शर्मा ने मांग की थी कि उसे परेशान करने वाले व उसकी सहेली की हत्या करने वाले सुमित व उसके साथियों का पुलिस एनकाउंटर करे। मैं उनका एनकाउंटर चाहती हूं। पर पुलिस सुमित के घायल होने को एनकाउंटर नहीं कह रही है।